उत्तर प्रदेश के बरेली के विधायक की बेटी साक्षी मिश्रा की तरह ही बिहार में भी प्रेम विवाह करने के बाद लड़की ने अपना एक वीडियो वायरल किया है। बेतिया में एक प्रेमी युगल द्वारा अन्तरजातीय शादी करने के बाद फेसबुक पर वीडियो अपलोड कर परिजनों से उन्हें धमकी देना बंद करने और उनकी शादी को स्वीकार लेने की अपील की गई है।
वीडियो में लड़की अपने चाचा और पापा से अपील करती नजर आ रही है। लड़की कह रही है कि पापा हम लोगों ने शादी कर ली है और यह दिखावटी नहीं बल्कि हकीकत है। आप लोग पहले भी धमकी दे चुके हैं कि शादी नहीं हो सकती मार देंगे।
अगर हम लोगों को कुछ हुआ तो उसका जिम्मेदार आप लोग होंगे। उनके (पति) फैमिली को तंग करना बंद कर दीजिए। पुलिस व दारोगा करके आप लोगों को कुछ नहीं मिलेगा। दोनों की यह वीडियो फेसबुक और व्हाट्सएप तेजी से वायरल हो रही है।
लड़के के भाई ने भी आशंका जताई है की लड़की के घरवाले किसी घटना को अंजाम दे सकते हैं। इधर लड़की के घरवालों ने पुलिस में लड़के के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है, जिसे लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई है।
बता दें कि नितेश यादव (किराना व्यवसायी) छावनी मोहल्ले का रहने वाला है और मोहल्ले की ही एक लड़की से उसे प्रेम हो गया था, जिसके बाद दोनों ने भागकर शादी कर ली थी।