प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 20 नवंबर को बिहार दौरे पर आने वाले हैं। इस दौरान वह बिहार वासियों को करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं की सौगात देंगे। इस दौरे में सड़क, बिजली, परिवहन और शिक्षा से जुड़ी कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। भागलपुर और आसपास के जिलों के लिए भी कई अहम घोषणाएं होने की उम्मीद है। हालांकि, कार्यक्रमों की अंतिम सूची अभी आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आई है। प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम में गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का उद्घाटन शामिल हो सकता है। इसके अलावा अलग-अलग जिलों में बाईपास सड़कों की आधारशिला रखने और पूरी हो चुकी सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण किए जाने की संभावना है। इलेक्ट्रिक बसों के परिचालन और चार्जिंग स्टेशन से संबंधित योजनाओं की शुरुआत भी प्रस्तावित कार्यक्रम का हिस्सा हो सकती है। वहीं, सकरी चीनी मिल के शिलान्यास की भी चर्चा है।
पीरपैंती बिजली परियोजना पर टिकी नजरें
प्रधानमंत्री के संभावित दौरे में भागलपुर जिले की पीरपैंती थर्मल पावर परियोजना अहम भूमिका निभा सकती है। इस परियोजना का शिलान्यास किए जाने की संभावना जताई जा रही है। इससे क्षेत्र में बिजली उत्पादन से जुड़ी बुनियादी संरचना को मजबूती मिलने की उम्मीद है। भागलपुर के साथ बांका और आसपास के जिलों में संचालित विकास योजनाओं को भी इस दौरे में प्रमुखता मिल सकती है। इनमें बिजली, उच्च शिक्षा, हवाई संपर्क और ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हो सकती हैं। हालांकि, पीरपैंती परियोजना के शिलान्यास की तारीख और प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में इसकी भागीदारी को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मुख्यमंत्री करेंगे तैयारियों की समीक्षा
प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गुरुवार शाम उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पुलिस महानिदेशक भी शामिल होंगे। बैठक में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की रूपरेखा, सुरक्षा इंतजाम, संभावित आयोजन स्थलों और विकास परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास की तैयारियों पर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियों के समन्वय और समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर निर्देश देंगे।
बिहार एसटीईटी 2026: चार नवंबर की परीक्षा 21 नवंबर को क्यों ली जाएगी, संशोधित एडमिट कार्ड कब होगा जारी?
भाजपा 15 दिन का विशेष अभियान चलाएगी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 20 नवंबर को प्रस्तावित बिहार दौरे से पहले भारतीय जनता पार्टी ने राज्य में 15 दिवसीय विशेष अभियान शुरू करने की तैयारी की है। 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान को पार्टी ने ‘लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ’ नाम दिया है। इसके तहत भाजपा विपक्ष के सत्ता परिवर्तन अभियान के खिलाफ मोर्चाबंदी करेगी। पार्टी लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता, मतदाता सूची की शुद्धता और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को उठाएगी। अभियान के दौरान सभी जिलों में प्रेस वार्ता और पदयात्रा आयोजित की जाएगी। इसके अलावा युवा संवाद और प्रबुद्धजनों के साथ बैठकें भी होंगी। भाजपा कांग्रेस और सीजेपी को निशाने पर लेते हुए विपक्ष के अभियान का जवाब देने की तैयारी में है। प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने अभियान की तैयारियों को लेकर बैठक की और आगे की रणनीति पर चर्चा की।