भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के करवा गांव में 50 वर्षीय माया देवी की इलाज के दौरान संदिग्ध मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि फुरसत बाजार के एक निजी डॉक्टर ने उन्हें गलत इंजेक्शन लगाया, जिससे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के करवा गांव में मंगलवार को एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान 50 वर्षीय माया देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, माया देवी को दो दिनों से सर्दी-जुकाम की परेशानी थी। इसी का इलाज कराने वह अपनी गोतनी के साथ फुरसत बाजार स्थित एक निजी डॉक्टर के पास गई थीं। डॉक्टर ने उन्हें एक इंजेक्शन लगाया, जिसके कुछ देर बाद ही उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और मुंह से झाग निकलने लगा।
विज्ञापन
स्थिति गंभीर होने पर परिजन उन्हें आनन-फानन में सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने माया देवी को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। माया देवी अपने पीछे एक पुत्री सुप्रिया और दो पुत्र आर्यन व अभय को छोड़ गई हैं। उनका मायका नारायणपुर थाना क्षेत्र के सखुआना गांव में है। वह तीन बहनों में सबसे बड़ी थीं।
मृतका के पुत्र ने आरोप लगाया है कि डॉक्टर की लापरवाही और गलत इंजेक्शन देने के कारण उनकी मां की मौत हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और डॉक्टर की भूमिका की भी तफ्तीश की जा रही है।