रोहतास जिला मुख्यालय सासाराम स्थित तकिया मोहल्ले में शनिवार की सुबह पुलिस ने छापेमारी कर एक अधिवक्ता के घर से कई अवैध हथियार व कारतूस बरामद किया है। दरअसल अधिवक्ता पर मामूली विवाद में हथियार लहराने तथा महिला के साथ मारपीट का आरोप है। जिसका वीडियो विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अब तेजी से वायरल हो रहा है।
घर से मिले अवैध हथियार व कारतूस
वहीं वीडियो वायरल होने के बाद सासाराम नगर थाने की पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी अधिवक्ता के तकिया मोहल्ला स्थित आवास पर शनिवार की सुबह छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने अधिवक्ता राजकमल प्रसाद के आवास से कई अवैध हथियार और काफी संख्या में जिंदा कारतूस बरामद किया।
पुलिस हिरासत में अधिवक्ता और पत्नी
मामले में पुलिस ने अधिवक्ता राजकमल प्रसाद और उनकी पत्नी धर्मशिला देवी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। सदर डीएसपी वन दिलीप कुमार ने बताया कि छापेमारी के दौरान घर से एक अवैध कट्टा, एक पिस्टल तथा 16 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल अधिवक्ता एवं उनकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है और वायरल वीडियो के आधार पर अन्य लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अधिवक्ता ने रखा पक्ष
वहीं गिरफ्तारी को लेकर अधिवक्ता राजकमल प्रसाद ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि शनिवार की सुबह पुलिस अचानक उनके घर का गेट फांदकर अंदर घुस आई और फिर पुलिस ने दावा किया कि घर से कई अवैध हथियार व कारतूस बरामद हुए हैं। उन्होंने साजिश की आशंका जताते हुए कहा कि बरामद हथियारों के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। इधर अधिवक्ता की गिरफ्तारी के बाद पूरे शहर में हड़कंप मचा हुआ है और चर्चाओं का बाजार गर्म है।
ये भी पढ़ें:
'यादव' को 'कुमार' किए जाने पर PUSU चुनाव में हंगामा; तेज प्रताप के समर्थन से उतरे प्रत्याशी की पिटाई!
मामूली विवाद में हुई घटना
घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि बीते गुरुवार को अधिवक्ता के घर के समीप कुछ महिलाएं लकड़ी काट रही थी। जिससे नाराज होकर अधिवक्ता ने महिलाओं को हथियार दिखाते हुए जान से मारने की धमकी दी। इतना हीं नहीं महिलाओं ने उक्त अधिवक्ता पर छेड़छाड़ व मारपीट का भी गंभीर आरोप लगाया है। जिसके बाद पुलिस ने महिलाओं की शिकायत पर उक्त कार्रवाई को अंजाम दिया है।