संसद से महिला आरक्षण बिल पास नहीं होने पर आरएलएम सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा ने विपक्ष पर पलटवार किया है। उन्होंने विपक्ष पर महिला और विकास विरोधी होने का आरोप लगाया है। कुशवाहा ने कहा कि अगर यह बिल संसद से पास हो जाता, तो हमारी माताओं बहनों को 33% आरक्षण मिल जाता। गौरतलब हो कि आरएलएम सुप्रीमो सह राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा रविवार की शाम सासाराम में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने आए थे, जहां उन्होंने मीडिया से भी बातचीत की।
परिसीमन को लेकर लगातार चलाया अभियान
उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि बीते कई वर्षों से वे परिसीमन को लेकर अभियान चला रहे हैं, लेकिन महिला आरक्षण एवं परिसीमन बिल पास नहीं होने से उन्हें धक्का लगा है। परिसीमन बिल पास होने से बिहार में लोकसभा की 40 सीट बढ़कर 60 सीट तथा विधानसभा की 243 सीट बढ़कर 365 सीट हो जातीं। इसके अलावा महिला आरक्षण बिल पास होने से महिलाओं को भी इन सीटों का ज्यादा फायदा मिलता।
पढ़ें- Samrat Choudhary: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बोले- लालू-कांग्रेस से सवाल पूछेगा बिहार; एनडीए की अगली तैयारी बताई
पूरे विपक्ष पर सहयोग नहीं करने का आरोप
कुशवाहा ने कांग्रेस सहित सभी विपक्षी पार्टियों पर सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण व परिसीमन बिल पर विपक्ष के रवैए को आज पूरे देश ने देख लिया है। दोनों बिल अगर पास हो गए होते, तो 2029 के चुनाव से यह लागू हो जाता। लेकिन विपक्ष ने ऐसा नहीं होने दिया। कार्यक्रम के दौरान आरएलएम जिला अध्यक्ष कपिल कुमार सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।