Patna News : पटना जिले के बाढ़ रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार देर रात लूट की नीयत से पहुंचे अपराधियों ने उत्तर प्रदेश के बर्तन व्यापारी को गोली मार दी और 9 लाख 35 हजार रुपये से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। पढ़ें पूरी खबर
घटना पटना के बाढ़ रेलवे स्टेशन की है, जहां पूर्वा एक्सप्रेस ट्रेन पकड़ने के इंतजार में खड़े मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश) निवासी थोक बर्तन व्यापारी हरीश कुमार यादव पर पांच की संख्या में रहे अपराधियों ने हमला कर दिया। अपराधियों ने पहले व्यापारी को गोली मारी और फिर उनके पास रखे करीब 9 लाख 35 हजार रुपये से भरे बैग को लूटकर मौके से फरार हो गए। गोली लगते ही व्यापारी लहूलुहान होकर गिर पड़े। आसपास मौजूद यात्रियों में अफरातफरी मच गई और स्टेशन पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
विज्ञापन
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही रेल पुलिस और बाढ़ थाने की टीम मौके पर पहुंची और घायल व्यापारी को बाढ़ अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों का बयान
मौके पर मौजूद कुछ यात्रियों ने बताया कि अपराधी पहले से ही व्यापारी का पीछा कर रहे थे। जैसे ही व्यापारी प्लेटफॉर्म पर पहुंचे, पांचों अपराधियों ने अचानक हमला कर गोली चलाई और बैग लेकर फरार हो गए। सब कुछ कुछ ही मिनटों में हो गया। स्थानीय पुलिस ने बताया कि स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आसपास के बाजारों और रेलवे परिसर के कैमरे भी जांच के दायरे में हैं। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान जल्द कर ली जाएगी और सभी को गिरफ्तार किया जाएगा।
मिर्जापुर से है व्यापारी
मिर्जापुर निवासी हरीश कुमार यादव बर्तन के थोक व्यापारी हैं और पटना तथा आसपास के इलाकों में बर्तन की सप्लाई करते हैं। वे दुकानदारों से पैसे की वसूली के बाद अपने घर लौटने के लिए स्टेशन पहुंचे थे, तभी यह वारदात हुई। बाढ़ रेलवे स्टेशन पर हुई इस लूटकांड ने एक बार फिर रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।