स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के वक्त वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे यह कह पाना मुश्किल है कि बाइक में किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी अथवा बाइक खुद असंतुलित होकर हादसे का शिकार हो गई।
रोहतास जिले में शनिवार की देर शाम सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। घटना जिले के चेनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत सोन उच्च स्तरीय नहर पर उरदा गांव के समीप की बताई जाती है और मृतकों की पहचान कछवां थाना क्षेत्र के धनहरा गांव निवासी सीताराम सिंह के 55 वर्षीय पुत्र दिनेश कुमार सिंह एवं अगरेर थाना क्षेत्र के खरवनीया गांव निवासी संजय सिंह के 32 वर्षीय पुत्र मनीष कुमार सिंह के रूप में हुई है।
विज्ञापन
एजेंसी से घर लौटने के दौरान हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों युवक चेनारी बाजार स्थित नूतन ऑटो एजेंसी में कार्यरत थे। प्रत्येक दिन की तरह शनिवार की देर शाम भी दोनों युवक एजेंसी बंद कर बाइक से सासाराम लौट रहे थे, तभी उरदा गांव के समीप किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गये। आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, लेकिन चिकित्सक डॉ संजीत कुमार ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले हीं दोनों की मौत हो चुकी है।
अस्पताल परिसर में मचा कोहराम
वहीं घटना के बाद पूरे अस्पताल परिसर में कोहराम मच गया। सूचना पर चेनारी सीएससी पहुंचे मृतक के परिजन और आसपास के रिश्तेदार दहाड़ मार कर रो रहे थे। इधर मामले में चेनारी थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना दो लोगों की मौत हुई है और पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि सुनसान जगह पर हादसा होने से घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।