शिक्षक कमलेश अपहरण मामले में दारोगा अंजली गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
भोजपुर जिले में ढाई साल से लापता एक शिक्षक की गुमशुदगी अब महज एक मिसिंग केस नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वासघात और साजिश के खतरनाक त्रिकोण में बदलती नजर आ रही है। इस सनसनीखेज मामले में अब कानून की रखवाली करने वाली महिला दारोगा खुद कानून के शिकंजे में आ गई है। CBI की जांच ने लव ट्रायंगल के ऐसे-ऐसे राज खोले हैं, जिसने हर किसी को चौंका दिया है।
दरअसल, भोजपुर के लापता शिक्षक कमलेश राय के अपहरण मामले में CBI ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सब इंस्पेक्टर अंजली कुमारी को गिरफ्तार किया है। अब तक की जांच में सामने आया है कि कमलेश राय और अंजली कुमारी के बीच प्रेम संबंध थे।
इसी केस में 10 दिन पहले CBI ने बक्सर से रूपेश चौबे नामक युवक को गिरफ्तार किया था, जिसने पूछताछ में खुलासा किया कि वह भी दारोगा अंजली से प्रेम करता था। यहीं से इस मामले ने लव ट्रायंगल का रूप ले लिया।
गौरतलब है कि पटना हाईकोर्ट के आदेश पर CBI इस केस की जांच कर रही है। टेक्निकल साक्ष्य और रूपेश से पूछताछ के आधार पर बुधवार को अंजली कुमारी को लखीसराय से हिरासत में लिया गया। बताया जा रहा है कि कमलेश राय और अंजली एक ही इलाके में किराए के मकान में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। दोनों दारोगा बनना चाहते थे, लेकिन कमलेश एक नंबर से रह गए, जबकि अंजली का चयन हो गया।
पढ़ें- Bihar News: पति के घर लौटने पर बंद मिला दरवाजा और पंखे से लटका पत्नी का शव, दो महीने पहले ही हुई थी शादी
16 मई 2022 को कमलेश राय की शादी किरण से हुई थी। शादी से पहले तिलक के दौरान अंजली और रूपेश कमलेश के घर पहुंचे थे। परिजनों का कहना है कि तीनों अक्सर बंद कमरे में समय बिताते थे। यहां तक कि शादी में शामिल होने के लिए अंजली के लिए विशेष रूप से गाड़ी भेजी गई थी और बारात में वह कमलेश के साथ उसी वाहन में मौजूद थी।
लापता शिक्षक के भाई राकेश कुमार ने बताया कि 14 जुलाई 2023 को बड़हरा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, लेकिन लंबे समय तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब CBI की गिरफ्तारी से परिवार को न्याय की उम्मीद जगी है। हालांकि कमलेश राय का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है, लेकिन जांच एजेंसियों का मानना है कि जल्द ही इस रहस्य से पर्दा उठ सकता है।