जानकारी के मुताबिक, राजद नेता तेज प्रताप यादव ने एक ट्वीट किया। इसमें उन्होंने लिखा, 'जिसने हमें ताकत दिया आज वक्त है उनके लिए ताकत बनने का। आइए, एक मुहिम से जुड़ें और अपने नेता की आजादी के लिए अपील करें। गरीबों के मसीहा आदरणीय लालू प्रसाद यादव के लिए एक पत्र आजादी पत्र को महामहिम राष्ट्रपति तक पहुंचाएं।'
तेज प्रताप ने कहा कि मेरे पिता को झूठे मुकदमे में फंसाया गया और आज तक बंधक बनाकर रखा गया। इस केस में जितने लोग थे, सबको बेल मिल गई। उन्होंने तो गरीब की आवाज बनने का काम किया। मेरे पिता कई महीनों से बीमार हैं, फिर भी उन्हें जेल में रखा गया। एक बेटा होने के नाते मैंने संकल्प लिया है कि उनकी बात जन-जन तक पहुंचानी है, चाहे मेरी जान चली जाए। जब तक हमें सफलता नहीं मिल जाती, यह अभियान जारी रहेगा।
गौरतलब है कि लालू प्रसाद यादव की तबीयत लगातार गंभीर होती जा रही है। उनके बेटे तेजस्वी यादव ने लालू के फेफड़ों में पानी भरने की जानकारी दी थी। साथ ही, उनके चेहरे पर सूजन आने की बात भी कही थी। बता दें कि लालू की एचआरसीटी रिपोर्ट में उन्हें निमोनिया होने की जानकारी मिली। हालांकि, उनकी कोविड रिपोर्ट निगेटिव आई थी।
बता दें कि बीमार होने के बाद से लालू प्रसाद यादव की रिहाई की मांग हो रही है। उनके समर्थक इस संबंध में सोशल मीडिया पर लगातार अभियान चला रहे हैं। हालांकि, यह पहली बार है, जब लालू के परिवार के किसी सदस्य ने उनकी रिहाई के लिए अभियान शुरू किया है।