मृतक के परिजनों के लापता होने से पुलिस की परेशानी बढ़ी
- फोटो : अमर उजाला
बक्सर में रविवार की रात नगर थाना क्षेत्र के कोइरपुरवा मोहल्ले स्थित नेहा नर्सिंग होम में ऑपरेशन के दौरान एक शिक्षक की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। मृतक के परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में तोड़फोड़ की। सूचना पर पहुंची नगर थाने की पुलिस ने चिकित्सक डॉ. महेंद्र प्रसाद को अपनी अभिरक्षा में ले लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान चंडिका प्रेस निवासी और महदह स्थित सरकारी विद्यालय में कार्यरत शिक्षक हरिओम के रूप में हुई है। उनके भाई संजय प्रकाश ने बताया कि हाल ही में बाइक दुर्घटना में हरिओम के पैर की हड्डी टूट गई थी। इसके बाद पैर का ऑपरेशन कराने के लिए उन्हें नेहा नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। परिजनों के अनुसार, उन्हें करीब तीन घंटे तक ऑपरेशन थिएटर में रखा गया। जब उन्हें बाहर निकाला गया तो उनकी मौत हो चुकी थी।
मौत की खबर मिलते ही भड़का आक्रोश
मौत की जानकारी मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए। उनका आरोप है कि घटना के बाद चिकित्सक और अस्पताल के कर्मचारी वहां से चले गए। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल में तोड़फोड़ शुरू कर दी। परिजनों ने अस्पताल को सील करने और चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उनका यह भी आरोप है कि ऑपरेशन थिएटर में काफी मात्रा में खून बिखरा हुआ था। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
ये भी पढ़ें-
बिहार में आसमान तक उठा पानी का ‘बवंडर’: तेज हवा-बारिश के बीच दिखा दुर्लभ नजारा, मौसम विभाग ने क्या बताया?
पुलिस ने संभाला मोर्चा
नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना की जानकारी मिलने पर रेडक्रॉस सचिव डॉ. श्रवण कुमार तिवारी, आईएमए अध्यक्ष डॉ. रंगनाथ तिवारी, नगर परिषद चेयरमैन प्रतिनिधि नियामतुल्लाह फरीदी समेत कई स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। हंगामे के बाद अस्पताल में भर्ती कुछ अन्य मरीज भी वहां से चले गए। उन्होंने घटना के बाद अस्पताल में इलाज को लेकर भरोसा नहीं रहने की बात कही।