रोहतास जिले के काराकाट थाना क्षेत्र के चांदी गांव में शादी के करीब आठ साल बाद एक विवाहिता संजू कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने पति समेत सास, ससुर, ननद और जेठानी पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
रोहतास जिले के काराकाट थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदी गांव में शादी के लगभग आठ साल बाद एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान चांदी गांव निवासी अरुण कुमार पासवान की पत्नी संजू कुमारी के रूप में हुई है। संजू के दो छोटे-छोटे बच्चे भी हैं। घटना को लेकर मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर मारपीट के बाद हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है और इस संबंध में थाने में आवेदन भी दिया है।
विज्ञापन
अवैध संबंध और दहेज प्रताड़ना का आरोप
कैमूर जिले के मदनपुरा गांव के रहने वाले मायके पक्ष ने पति समेत सास, ससुर, ननद और जेठानी पर दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित करने और मारपीट के बाद हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि मृतका के पति का उसकी भाभी के साथ अवैध संबंध था, जिसको लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। आरोप है कि शुक्रवार की रात सभी परिवार वालों ने मिलकर संजू की हत्या कर दी।
कई बार कराया गया था समझौता
मृतका के भाई मनोज कुमार के अनुसार, दहेज प्रताड़ना और पति के अवैध संबंध से तंग आकर उनकी बहन कई बार मायके आ चुकी थी। हर बार परिवार और समाज के लोगों की मदद से समझौता कराया गया और बहन को समझा-बुझाकर वापस ससुराल भेज दिया जाता था। लेकिन इस बार ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट कर उसकी हत्या कर दी।
शरीर पर चोट के निशान, जांच में जुटी पुलिस
परिजनों का आरोप है कि संजू के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं। कान के पीछे से खून बह रहा था और गर्दन सहित अन्य अंगों पर भी खरोंच के निशान थे। परिजनों का यह भी कहना है कि उनकी बहन की गर्दन तोड़ी गई है, जिससे यह मामला एक सुनियोजित हत्या का प्रतीत होता है। वहीं, काराकाट थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस के अनुसार, प्राप्त आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों की पुष्टि की जाएगी।