तू डाल-डाल, मैं पात-पात... अपराधी बिहार पुलिस को यही दिखा रहे हैं। तभी तो, जब गुरुवार रात पहले से घोषित ब्लैक आउट के बाद बिजली आई तो पटना के अति-व्यस्त मुसल्लहपुर हाट में गद्दी (कारोबारी मालिक काउंटर) पर मसाला व्यवसायी पिंटू कुमार का शव नजर आया। अपराधियों ने सिर में सटाकर साइलेंसर लगी पिस्टल से गोली मारी थी, ताकि गोली की आवाज किसी को सुनाई न दे और अंधेरे का फायदा उठाकर आसानी से फरार हो सकें।
पिता के सामने मारी गोली, अस्पताल में हुई मौत की पुष्टि
घटना पटना सिटी के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र की है। जिस समय अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया, उस वक्त पिंटू कुमार के पिता भी मौके पर मौजूद थे। गंभीर हालत में परिजन उन्हें तुरंत पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
ये भी पढ़ें:
बच्चों की परवरिश के लिए डॉक्टर ने की दूसरी शादी, दूसरी बीबी पहली पत्नी के जेवर लेकर फरार
लेन-देन विवाद के एंगल पर जांच में जुटी पुलिस
परिजनों ने पुलिस को बताया कि करीब 15 दिन पहले पैसों के लेन-देन को लेकर पिंटू कुमार का कुछ लोगों से विवाद हुआ था। पुलिस इसी एंगल को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मौके पर पहुंचे सिटी एसपी परिचय कुमार ने बताया कि ब्लैक आउट के कारण किसी ने अपराधियों को नहीं देखा, लेकिन आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस के अनुसार हत्या ठीक शाम 7:02 बजे की गई, जिससे यह आशंका और मजबूत हो रही है कि अपराधियों ने पहले से योजना बनाकर ब्लैक आउट का फायदा उठाया।