पटना जिले के पालीगंज अनुमंडल के दुल्हिनबाजार थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। सीही गांव के पास, एक बालू लदा ट्रक ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। घायल युवक की पहचान नीरज कुमार के रूप में हुई है, जो सीही गांव का निवासी बताया जा रहा है। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
पढे़ं: शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने गौशाला का किया निरीक्षण, गौ हत्या पर जताई चिंता
स्थानीय निवासी राज कुमार ने बताया कि “गांव की सड़क से भारी वाहनों का आवागमन लगातार होता है, जिससे आम लोगों और छोटे वाहनों के लिए आने-जाने में दिक्कत होती है और सड़क हादसे अक्सर होते रहते हैं। आज भी घायल नीरज कुमार जमुई गांव से अपने घर लौट रहे थे, तभी बालू लदा ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। प्रशासन को कई बार जानकारी दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। यही वजह है कि ग्रामीणों ने सड़क जाम कर हंगामा किया।”
इस मामले पर थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि “सीही गांव के पास बालू लदे ट्रक ने बाइक सवार युवक को टक्कर मारी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घायल युवक को इलाज के लिए पटना रेफर किया गया। घटना के बाद ट्रक ड्राइवर फरार है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।”