रोहतास जिले के दो अलग-अलग जगहों पर मंगलवार को हुए सड़क हादसे में एक छात्रा समेत दो लोगों की मौत हो गई। इन हादसों में दो लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर कर दिया गया है। पहली घटना दावथ थाना क्षेत्र से सामने आई है, जबकि दूसरी घटना चेनारी थाना क्षेत्र की है। दोनों मामले में पुलिस पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी करते हुए आगे की कार्रवाई में जुटी है।
ट्रक ने साइकिल सवार दो छात्राओं को रौंदा
पहली घटना दावथ थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग 319 की है। बताया जाता है कि मंगलवार को एक साइकिल पर सवार होकर दो छात्राएं ट्यूशन जा रहे थे, तभी परमेश्वरपुर गांव के समीप एक ट्रक ने उन्हें ओवरटेक करने के दौरान रौंद दिया। इस घटना में दावथ थाना क्षेत्र के बादशाह गांव निवासी अरुण कुमार सिंह की 13 वर्षीय पुत्री नंदिनी कुमारी की घटनास्थल पर हीं मौत हो गई, जबकि घायल छात्रा के बारे में कोई जानकारी नहीं है। प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल छात्रा को प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर कर दिया गया है।
ये भी पढ़ें:
पेट्रोल-डीजल संकट से किसान परेशान, गैलन में नहीं मिल रहा ईंधन, ट्रैक्टर व पंपसेट चलाना हो रहा मुश्किल
दो बाइक की आमने-सामने टक्कर
दूसरी घटना चेनारी थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर सबराबाद गांव के समीप की है। यहां दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल मृतक की पत्नी ममता देवी को प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर कर दिया गया है। मृतक की पहचान शिवसागर प्रखंड के केकड़हा गांव निवासी स्वर्गीय गंगा सिंह के लगभग 45 वर्षीय पुत्र उपेंद्र सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और आगे की कार्रवाई चल रही है।