रोहतास जिले के सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मुरादाबाद गांव में मंगलवार को दिनदहाड़े एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस घटना में एक अन्य व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका इलाज जारी है।
मृतक की पहचान बाराडीह गांव निवासी स्व. सदरूद्दीन खान के 32 वर्षीय पुत्र हसन रजा खां उर्फ आतिफ खां के रूप में हुई है, जो वार्ड नंबर एक का रहने वाला था।
पुराने जमीन विवाद ने ली जान
मिली जानकारी के अनुसार, मुरादाबाद गांव में दो पक्षों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। मंगलवार को भी इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इसके बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया, जिसमें हसन रजा खां की मौके पर ही मौत हो गई। इस मारपीट में कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
महिला और नाबालिग समेत चार गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही सासाराम मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार लोगों में एक महिला, एक नाबालिग और दो पुरुष शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से दो कट्टा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
ये भी पढ़ें:
नशे और लालच की भेंट चढ़ी ममता, कलयुगी बेटे ने की मां की हत्या
मारपीट का वीडियो भी वायरल
इस जमीन विवाद से जुड़ा एक मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो कुछ दिन पहले का है और इसी विवाद से जुड़ा हुआ है। वीडियो में तीन लोग एक व्यक्ति को गाली-गलौज करते हुए बेरहमी से पीटते नजर आ रहे हैं। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।