Bihar: उत्पाद विभाग की टीम ने सोमवार को अवैध शराब के साथ एक कारोबारी को गिरफ्तार किया था, जिसे मंगलवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। बंदी के फरार होने के बाद उत्पाद विभाग की टीम के होश उड़े हुए हैं और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
रोहतास जिले के बिक्रमगंज अनुमंडल क्षेत्र के गोराड़ी से अवैध शराब बिक्री मामले में गिरफ्तार एक बंदी का जिला व्यवहार न्यायालय सासाराम के बाहर से फरार होने का हैरतअंगेज मामला सामने आया है। घटना के बाद से उत्पाद विभाग की टीम में हड़कंप मचा हुआ है और मामले में प्राथमिकी दर्ज कर फरार बंदी की गिरफ्तारी के लिए अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन
अवैध शराब के साथ हुई थी गिरफ्तारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार फरार अभियुक्त काराकाट थाना क्षेत्र के बाराडीह बखान गांव निवासी गुप्तेश्वर साह का 32 वर्षीय पुत्र आनंद साह है, जिसे उत्पाद विभाग की एक टीम ने सोमवार को हीं लगभग 17 लीटर अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया था।
न्यायालय में पेशी के बाद हुआ फरार
उत्पाद विभाग की टीम ने मंगलवार को जब गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया तो कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया और जेल ले जाने के क्रम में हीं जिला व्यवहार न्यायालय के समक्ष पुरानी जीटी रोड पर बंदी आनंद साह उत्पाद विभाग की टीम को चकमा देकर फरार हो गया। हालांकि इस दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने अभियुक्त को पकड़ने का पूरा प्रयास किया, लेकिन अभियुक्त सड़क पर भीड़ का फायदा उठाते हुए भाग निकला। घटना के बाद उत्पाद विभाग की टीम के होश उड़े हुए हैं और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
फरार बंदी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
इधर मामले में उत्पाद विभाग की टीम ने सासाराम नगर थाने में बंदी के फरार होने के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज कराई है। इस संदर्भ में नगर थाना अध्यक्ष राजीव रंजन राय ने बताया कि बिक्रमगंज अनुमंडल क्षेत्र के उत्पाद विभाग की टीम द्वारा बंदी के फरार होने को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। उन्होंने बताया कि उत्पाद विभाग की टीम जब अभियुक्त को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल ले जा रही थी तभी वह हथकड़ी से हाथ छुड़ाकर फरार हो गया। फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किये जा रहे हैं और जल्द हीं उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।