सासाराम में सोमवार की शाम अचानक शुरू हुई तेज बारिश ने जहां किसानों के चेहरों पर मुस्कान ला दी, वहीं शहरवासियों को भारी परेशानी में डाल दिया। तेज गर्जना और बादलों की गड़गड़ाहट के बीच हुई एक-दो घंटे की मूसलधार बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी। बारिश इतनी तेज थी कि दिन के उजाले में ही वाहनों की हेडलाइट जलानी पड़ी। लोग जहां थे, वहीं ठिठक गए और सुरक्षित स्थानों की तलाश में दुबकते नजर आए।
शहर की सड़कें बनीं तालाब, दुकानों में घुसा नाले का पानी
बारिश का असर सबसे ज्यादा शहर की सड़कों पर देखने को मिला। प्रमुख मार्ग जैसे धर्मशाला रोड, चौखंडी पथ, गांधी नीम, चौक बाजार, नवरतन बाजार, गोला रोड और बौलिया रोड पूरी तरह जलमग्न हो गए। बारिश और नाले का पानी कई दुकानों के अंदर तक पहुंच गया, जिससे दुकानदारों को अपने सामान बचाने और पानी निकालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। लोग टखनों से ऊपर तक पानी में चलने को मजबूर हुए और गंदगी से भरे कीचड़ में फिसलते नजर आए। राहगीरों को नालों के खुले ढक्कनों का डर भी सताता रहा, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रही।
यह भी पढ़ें- Bihar: मुख्यमंत्री की मानसिक हालत पर प्रशांत किशोर का बड़ा हमला, बोले- नीतीश को CM बनाए रखना भाजपा की मजबूरी
सरकारी कार्यालयों में भी जलजमाव, कर्मचारी बेहाल
तेज बारिश का असर केवल बाजारों और सड़कों तक ही सीमित नहीं रहा। जिला समाहरणालय, सदर अस्पताल, प्रखंड कार्यालय, कचहरी, पोस्ट ऑफिस और यहां तक कि नगर निगम कार्यालय भी पानी में डूबे नजर आए। अधिकारी और कर्मचारी पानी में भीगते-उलझते एक कार्यालय से दूसरे कार्यालय तक भागते रहे। आम जनता को भी भारी कठिनाई का सामना करना पड़ा, जो काम कराने के लिए कार्यालय पहुंचे थे। सबसे विडंबनापूर्ण दृश्य तब देखने को मिला जब नगर निगम कार्यालय, जो शहर की साफ-सफाई और जलनिकासी का जिम्मा संभालता है, खुद जलजमाव की चपेट में था।
नालों की सफाई अधूरी, निगम की लापरवाही उजागर
हर साल बारिश से पहले नालों की सफाई की बात करने वाला नगर निगम इस बार अपने ही वादों पर खरा नहीं उतर सका। शहर के कई नालों की सफाई या तो की ही नहीं गई या बेहद सतही ढंग से की गई, जिसके कारण जलनिकासी की प्रक्रिया पूरी तरह चरमरा गई है। नगर निगम द्वारा कुछ इलाकों में सफाई जरूर कराई गई, लेकिन उडाही सही ढंग से न होने के कारण वहां भी पानी निकलने का रास्ता नहीं बना। परिणामस्वरूप थोड़ी सी भी तेज बारिश ने पूरे शहर को थाम कर रख दिया।
यह भी पढ़ें- Bihar News: हाजीपुर-जंदाहा रोड पर पिकअप और टेंपो की भीषण टक्कर, इंजीनियरिंग छात्र की मौत; सात लोग घायल