Bihar News Hindi Today: भागने के क्रम में हीं कुछ महिलाएं घायल हो गईं और दो महिलाओं को भंवरों ने भी डंक मारकर घायल कर दिया। वहीं महिलाओं के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आनन-फानन में सभी को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
सासाराम जिले के रोहतास थाना क्षेत्र अंतर्गत आनंदीचक गांव से दूर जंगल में शनिवार की दोपहर जंगली भंवरों के हमले में एक महिला की मौत हो गई। इस हमले में पांच अन्य महिलाएं भी घायल हैं, जिनका फिलहाल इलाज चल रहा है। मृतका की पहचान 45 वर्षीय कलावती कुंवर के रूप में हुई है। जो आनंदी चक स्कूल की रसोइयां बताई जाती है और अनंत चतुर्दशी के दिन छुट्टी के कारण जंगल से सुखी लकड़ी चुनने गई थी।
विज्ञापन
जंगल से लकड़ी लाने गईं थीं महिलाएं
घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि आनंदी चक गांव से दूर जंगल में सभी महिलाएं सुखी लड़कियां लाने गईं थीं, तभी भंवरों के एक झुंड ने उन पर हमला बोल दिया। हालांकि कुछ महिलाएं काफी पीछे चल रही थी, जिससे भंवरों के हमले में वे मामूली रूप से घायल हुईं, लेकिन भंवरों के झुंड ने कलावती कुंवर के पूरे शरीर पर डंक मारा, जिससे वह घटनास्थल पर हीं बेहोश हो गई।
महिलाओं ने भाग कर बचाई जान
इस हमले में रीमा देवी, पिंकी कुमारी, उषा कुंअर, लालती देवी एवं सुनीता देवी ने जंगल से भागकर अपनी जान बचाई। हालांकि भागने के क्रम में हीं कुछ महिलाएं घायल हो गईं और दो महिलाओं को भंवरों ने भी डंक मारकर घायल कर दिया। वहीं महिलाओं के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आनन-फानन में सभी को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया और रेफरल अस्पताल को सूचना देते हुए एंबुलेंस बुलाया गया। लेकिन रेफरल अस्पताल में जांच के पश्चात चिकित्सा प्रभारी मुकेश कुमार ने कलावती कुंवर को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य महिलाओं की स्थिति खतरे से बाहर है। इधर मामले में रोहतास थानाध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा ने बताया कि परिजनों की सहमति मिलने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।