Bihar Hindi News Today: मृतक के फूफा अशोक कुमार सिंह ने बताया कि पहलेजा रेलवे स्टेशन के पास संदिग्ध अवस्था में युवक का शव मिला। उसके शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए हैं। आशंका है कि हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक किनारे फेंक दिया गया है।
सासाराम जिले के डेहरी मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत पहलेजा रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार की रात एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रामपुर गांव निवासी 20 वर्षीय माला कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और उन्होंने किसी अनहोनी की आशंका जताई है।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतक के फूफा अशोक कुमार सिंह ने बताया कि पहलेजा रेलवे स्टेशन के पास संदिग्ध अवस्था में युवक का शव मिला। उसके शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए हैं। आशंका है कि हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक किनारे फेंक दिया गया है। परिजनों के अनुसार, माला कुमार कॉलेज में पढ़ाई के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रहा था।
पुलिस कर रही जांच
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सासाराम भेज दिया। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से हत्या की आशंका जताई गई है। मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।