जलेबी बनाते नजर आए तेज प्रताप यादव।
- फोटो : सोशल मीडिया
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रमुख लालू प्रसाद यादव के लाल यानी बड़े बेटे तेज प्रताप यादव अब जलेबी छानते नजर आए हैं। इसके अलावा एक वीडियो में वह पीली धोती पहनकर राधे-राधे जपते हुए भी दिखाई दिए थे। लोगों का कहना है कि लालू का यह लाल राजनीति के अलावा सबकुछ कर रहा है। कभी वह भोलेनाथ के रूप में नजर आते हैं तो कभी कृष्ण कन्हैया बनकर लोगों के बीच पहुंच जाते हैं। विधानसभा चुनाव जीतने के बाद वह एक बार फिर राजनीति से पूरी तरह गायब हैं।
गौर करने वाली बात यह है कि तेज प्रताप यादव खुद को श्रीकृष्ण बता चुके हैं, जबकि वह अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव को अर्जुन कहते हैं। विधानसभा चुनाव के दौरान वह चुनाव प्रचार करते दिखाई दिए थे, लेकिन चुनाव जीतने के बाद वह एक बार फिर लापता हैं। अब उनका एक वीडियो सामने आया, जिसमें वह पीली धोती पहनकर राधे-राधे जपते हुए किसी मंदिर के प्रांगण में टहलते हुए दिखे। अब उनका जलेबी छानते हुए एक फोटो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि तेज प्रताप काफी दिनों से अपनी ही पार्टी के कार्यक्रमों में भी शामिल नहीं हो रहे हैं। विधानसभा में उन्हें गैर सरकारी विधेयक एवं संकल्प समिति का सभापति बनाया गया है, लेकिन 17 दिसंबर को नई समिति की पहली बैठक में वह शामिल नहीं हुए थे। अहम बात यह है कि इस बैठक में सभी सदस्य पहुंचे थे, सिर्फ सभापति ने ही शिरकत नहीं की। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि तेज प्रताप आखिर राजनीति में सक्रिय क्यों नहीं हैं?