जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने बुधवार को लालू प्रसाद यादव को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव ने अपनी कैबिनेट के पशुपालन मंत्री भोलाराम तूफानी से फर्जी दस्तावेजों पर दस्तखत करवाए थे। ललन सिंह ने यह टिप्पणी लालू यादव के मंगलवार को किए गए दावे पर की, जिसमें उन्होंने कहा था हमारे शासन में दलितों की बहुत तरक्की हुई थी।
ललन सिंह ने बुधवार को एक ट्वीट में लिखा कि लालू प्रसाद यादव आज महादलित समाज का मजाक उड़ा रहे हैं। वह एक बार फिर पूरे बिहार की इज्जत उतार रहे हैं। राज्य की जनता इन्हें बर्दाश्त नहीं कर रही है। इनके पूरे कुनबे को सत्ता से बाहर कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि लालू ने भोलाराम तूफानी से हेलिकॉप्टन में पशुपालन घोटाले के फर्जी कागजों पर हस्ताक्षर करा लिए थे। इससे उन्होंने राज्य का खजाना लूट लिया।
उन्होंने लिखा, लालू यादव ने भोलाराम तूफानी को हेलिकॉप्टर में घुमाया और बदले में फर्जी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवा बिहार का खाना लूटा और देश-विदेश में अथाह संपत्ति बनाई। उन्होंने आरोप लगाया कि लालू यादव की साजिश और सदमे में भोलाराम दिवंगत भी हो गए। उन्होंने लिखा, 'अपने बउवा (बेटे) और बिहार के लोगों को सारी बातें भी बताइए श्रीमानजी!' वहीं, नीतीश कुमार की तारीफ में ललन सिंह ने कसीदे पढ़े।
नीतीश कुमार की तारीफ में कही ये बात
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर ललन सिंह ने कहा कि विकास की सीढ़ियों पर अंतिम पंक्ति में खड़ा महादलित समाज के अंतिम तबके को बिहार में अलग से कानूनी आरक्षण, सामाजिक-राजनीतिक प्रतिनिधित्व व अनेकों विकास उन्मुखी योजनाओं के तहत मुख्य धारा में लाने का कार्य मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ही किया है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार इन तबकों के लिए ऐसे कार्य करने वाले देश के पहले मुख्यमंत्री हैं।