रेल पटरी को पार करते हुए लोग अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। यह दृश्य भोजपुर जिले के आरा में पूर्वी रेलवे गुमटी के पास का है। यह खतरनाक रास्ता लोगों की रोजमर्रा की जरूरत बन चुका है।
भोजपुर जिले के आरा में पूर्वी रेलवे गुमटी के पास रोजाना हजारों लोगों की जान खतरे में पड़ रही है। फुट ओवर ब्रिज का निर्माण अधूरा होने और गुमटी बंद कर दिए जाने के बाद शहर के दर्जनों मोहल्लों और आसपास के शहरों की बड़ी आबादी मजबूरी में रेलवे ट्रैक पार कर रही है। यह खतरनाक रास्ता लोगों की रोजमर्रा की जरूरत बन चुका है, जबकि इस रेल खंड से प्रतिदिन सैकड़ों ट्रेनें गुजरती हैं।
विज्ञापन
पटरी पार करने को मजबूर स्थानीय लोग
स्थानीय लोगों के अनुसार फुट ओवर ब्रिज को लेकर लंबे समय से कार्य चल रही है, लेकिन काम बार-बार शुरू होकर अधूरा ही छोड़ दिया जाता है। वर्तमान स्थिति यह है कि न गुमटी खुली है और न ही ओवरब्रिज पूरा हो पाया है। जिसकी वजह से लोगों को सीधे ट्रैक पर उतरकर शहर आने-जाने का जोखिम उठाना पड़ रहा है। प्रतिदिन बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे और साइकिल सवार सभी बिना किसी सुरक्षा उपाय के पटरी पार करने को मजबूर हैं।
ट्रैक पार करते वक्त हर दिन दुर्घटना का डर
वहीं ट्रैक पार करते वक्त हर दिन दुर्घटना का डर बना रहता है, फिर भी लोग अपनी जरूरतों के कारण इस खतरनाक रास्ते को अपनाए हुए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बार-बार मांग करने के बावजूद फुट ओवर ब्रिज का निर्माण अब तक पूरा नहीं हो पाया है, जिससे हजारों लोगों की जिंदगी खतरे में है। लोगों ने प्रशासन और रेलवे विभाग से जल्द से जल्द फुट ओवर ब्रिज का निर्माण पूरा कराने की मांग की है, ताकि रोजाना होने वाली यह जोखिम भरी दिनचर्या समाप्त हो सके और शहर की बड़ी आबादी को सुरक्षित आवागमन मिल सके।