पटना विश्वविद्यालय का छात्र संघ चुनाव पर को लेकर पिछले 24 घंटे में खूब हाईवोल्टेज ड्रामा चला। शनिवार शाम विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्र संघ चुनाव को स्थगित करने का फैसला लिया था। कारण बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में खराब माहौल और शिक्षक के साथ गलत व्यवहार करने के कारण चुनाव स्थगित कर दिया गया। इस फैसले से छात्र उग्र हो गए। विश्वविद्यालय कार्यालय के सामने जमकर प्रदर्शन करने लगे। आंदोलन की धमकी दी। भारी संख्या में पुलिस बल की भी तैनाती की गई। पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों को समझाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं मानें। शनिवार देर रात विवि प्रशासन ने छात्रों का बात मान लिया और चुनाव कराने की घोषणा की।
पटना विश्वविद्यालय की ओर से जारी पत्र में बताया गया कि पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव 2025-26 के मतदान की तिथि 28 फरवरी, 2026 को निर्धारित थी। पटना विश्वविद्यालय परिसर में विगत कुछ दिनों में अमर्यादित एवं अप्रत्याशित घटनाएं हुई, जैसे-पटना वीमेंस कॉलेज परिसर में छात्रों के एक गुट द्वारा बिना अनुमति अनाधिकृत प्रवेश कर नारेबाजी करना शुरू कर दिया, जो चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन है। इस दौरान उनलोगों ने छपा हुआ बैनर पोस्टर का प्रयोग किया। साथ ही महंगी चार पहिया वाहनों का भी उपयोग किया गया। चुनाव-प्रचार के लिए निर्धारित समयावधि से पूर्व ही प्रचार शुरू किया जाना भी आचार संहिता का उल्लंघन है। विश्व विद्यालय का यह भी आरोप है कि 21 फरवरी को पटना साइंस कॉलेज में कुछ छात्रों ने एक कक्षा में घुस कर शिक्षक के साथ एवं पटना विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों के साथ अमर्यादित व्यवहार किया। इसलिए इन घटनाओं को देखते हुए पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव 2025-26 को तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक स्थगित किया जाता है।