राजधानी पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र में एक युवक के कथित अपहरण की सूचना के बाद बुधवार को न्यू करबिगहिया इलाके में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर टायर जलाए तथा युवक की सुरक्षित बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। करीब तीन घंटे तक चले विरोध-प्रदर्शन के कारण इलाके में यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
जानकारी के अनुसार, लापता युवक की पहचान न्यू करबिगहिया कब्रिस्तान गली निवासी 33 वर्षीय बंटी के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि उसका अपहरण किया गया है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक अपहरण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।
प्रदर्शन के बीच पहुंचे प्रशांत किशोर
प्रदर्शन के दौरान प्रशांत किशोर भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका हाल जाना। प्रशांत किशोर ने कहा कि यदि दो दिनों के भीतर युवक की सुरक्षित बरामदगी नहीं होती है, तो वह स्वयं स्थानीय लोगों के आंदोलन में शामिल होंगे।
तीन घंटे तक जाम
प्रदर्शनकारियों ने न्यू करबिगहिया इलाके की दोनों लेन पर वाहनों की आवाजाही रोक दी, जिससे लंबा जाम लग गया। बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी आचार संहिता लागू होने के कारण पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। करीब तीन घंटे बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत की। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि युवक की तलाश के लिए विशेष टीम काम कर रही है और जल्द से जल्द उसकी बरामदगी का प्रयास किया जाएगा। आश्वासन मिलने के बाद लोगों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया और यातायात सामान्य हो सका।
ये भी पढ़ें-
डीएम दफ्तर के सामने दो हजार की रिश्वत लेते धराया बाबू, फाइल बढ़ाने के लिए मांगी थी घूस
पुलिस ने क्या कहा
जक्कनपुर थाना प्रभारी ऋतुराज सिंह ने बताया कि सड़क जाम को शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और युवक की तलाश के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
बताया जाता है कि पिछले दिनों किन्नर समूहों में विवाद के बाद दो गुटों में झड़प हुई थी, जिसमें यह लड़का भी चोटिल हुआ था। हालांकि, इस तरह पटना जंक्शन के पास दुकान के सामने से उसे उठा लिए जाने को लेकर परिजनों का आरोप है कि देह के धंधे का विरोध करने को लेकर उसका अपहरण हुआ है।