कुख्यात आरोपी के भाई व पिता कट्टा और 34 कारतूस बरामद के साथ गिरफ्तार
- फोटो : Amar Ujala
बाढ़ थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव में 13 वर्षों से फरार चल रहे कुख्यात हत्या मामले के आरोपी मुन्ना यादव की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिलने पर एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात उसके घर की घेराबंदी की। मुन्ना यादव पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है और वह कांड संख्या 10/13 में हत्या तथा आर्म्स एक्ट के आरोपों के तहत वांछित है।
छापेमारी के दौरान आरोपी भाग निकला
छापेमारी के दौरान आरोपी मौके से भाग निकलने में सफल रहा, जबकि पुलिस टीम ने घर के अंदर मौजूद उसके पिता देवी यादव और भाई अमरजीत यादव उर्फ मैरू यादव को गिरफ्तार कर लिया।
34 जिंदा कारतूस बरामद किए गए
तलाशी अभियान के दौरान घर के भीतर से एक अवैध देशी कट्टा और 34 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। एसटीएफ और बाढ़ पुलिस की टीम ने यह संयुक्त कार्रवाई बीती रात गश्ती के दौरान वरीय अधिकारियों को सूचना देने के बाद गठित विशेष छापेमारी दल के माध्यम से अंजाम दी।
ये भी पढ़ें-
Bihar: 27 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ धराए थानाध्यक्ष, निगरानी ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप
आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले जा रहे
नामजद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने के बाद पुलिस प्रशासन ने उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी शुरू कर दी है। बरामद आग्नेयास्त्र और कारतूस के संबंध में पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए, 26 और 35 के तहत कांड संख्या 471/26 दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार किए गए दोनों व्यक्तियों के पुराने आपराधिक इतिहास भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि उनके किसी अन्य गिरोह या गैर-कानूनी गतिविधियों से जुड़े होने की जानकारी मिल सके।