बिहार के सासाराम स्थित महद्दीगंज में दिवाली की रात दोस्तों के बीच चाय पीने के दौरान विवाद हो गया। देखते ही देखते बहस मारपीट में बदल गई, जिसमें करीब 20 वर्षीय रोहित कुमार की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
दीपावली की रात एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। नगर निगम क्षेत्र के महद्दीगंज मोहल्ले के रहने वाले करीब 20 वर्षीय रोहित कुमार की दोस्तों के बीच हुए विवाद के बाद मौत हो गई। बताया जा रहा है कि लालगंज नहर के पास चाय पीने के दौरान दोस्तों के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
विज्ञापन
चाय पीने के दौरान शुरू हुई कहासुनी
जानकारी के अनुसार, घटना बीती रात लालगंज नहर के समीप हुई। रोहित कुमार अपने दोस्तों के साथ चाय पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। पहले दोस्तों के बीच तीखी बहस हुई और फिर मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान रोहित की मौत हो गई। घटना के बाद कुछ युवक मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलने पर सासाराम नगर थाना और मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
विज्ञापन
एक संदिग्ध गिरफ्तार, पूछताछ जारी
सासाराम मुफस्सिल थाना अध्यक्ष राजीव रंजन राय ने बताया कि महद्दीगंज के एक युवक की दोस्तों के बीच विवाद के दौरान मौत हुई है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस मामले में एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
परिवार में पसरा मातम
रोहित की मौत की खबर मिलते ही परिवार और मोहल्ले में शोक छा गया। दीपावली के मौके पर घर में त्योहार की खुशियां थीं, लेकिन युवक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोस्तों के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था और मारपीट में कौन-कौन शामिल था।