पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र के सिरपतपुर गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने अपराधियों की जुटान को नाकाम किया और तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में एक अपराधी के पैर में गोली लगी, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र के सिरपतपुर गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अपराधियों की जुटान को नाकाम कर दिया। इस दौरान एक अपराधी के पैर में गोली लगी और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने अब तक तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन
गुप्त सूचना पर छापेमारी
फतुहा थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस को सूचना मिली कि गांव में कई अपराधी एकत्र होकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया और देर रात गांव की घेराबंदी करते हुए छापेमारी अभियान शुरू किया। पुलिस टीम के गांव पहुंचते ही अपराधियों को इसकी भनक लग गई। पुलिस को देखते ही सभी अपराधी इधर-उधर भागने लगे। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस द्वारा चलाई गई गोली एक अपराधी के पैर में लग गई, जिसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
गिरफ्तार और बरामद सामग्री
पुलिस ने इस छापेमारी के दौरान अब तक तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। मौके से 1200 से ज्यादा जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए, जिन्हें जब्त कर लिया गया।
विज्ञापन
एसएसपी का निरीक्षण
घटना की जानकारी मिलने पर पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि पुलिस की तत्परता के कारण बड़ी घटना को रोकने में सफलता मिली है। उन्होंने अपराधियों की गिरफ्तारी और सघन छापेमारी अभियान जारी रखने का भरोसा दिया। पुलिस पूरे इलाके में सघन छापेमारी कर रही है और फरार अपराधियों की तलाश में लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।