विधान परिषद की सदस्यता से नीतीश कुमार के इस्तीफे के कुछ घंटे के बाद पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सोमवार दोपहर मुख्यमंत्री को उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ पटना विश्वविद्यालय पहुंचना था। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ सम्राट चौधरी जैसे ही पहुंचे, जबरदस्त हंगामा शुरू हो गया। "सम्राट चौधरी गो बैक" के नारे से पटना विश्वविद्यालय परिसर गूंजने लगा। स्थिति इस तरह बेकाबू होती नजर आई कि सुरक्षाकर्मियों को मोर्चा संभालना पड़ा और मुख्यमंत्री समेत पूरे अमले को कुछ ही मिनट के अंदर वापस लौटना पड़ा।
जिंदाबाद के नारों के बीच किस बात का विरोध?
बताया जा रहा कि सीएम नीतीश कुमार और दोनों डिप्टी सीएम की गाड़ी देखते ही कुछ छात्र पहले नीतीश कुमार जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। इसी बीच कुछ छात्र सम्राट चौधरी के विरोध में नारेबाजी करने लगे। हालांकि पटना के डीएम और एसएसपी ने छात्रों को प्रदर्शन करने से रोक दिया और कार्यक्रम स्थल से दूर भेज दिया। लेकिन, इसके बावजूद छात्रों का हंगामा जारी रहा। छात्र संगठन आईसा के कार्यकर्ताओं ने तो सरकार के विरोध में नारेबाजी की। इनका कहना है पटना विश्वविद्यालय पर सरकार कोई ध्यान नहीं दे रही। भवन जर्जर हो चुके हैं। शिक्षक नहीं हैं। पढ़ाई नहीं हो रही है। इस पर सरकार ध्यान नहीं दे रही है।