राजेंद्रनगर टर्मिनल के सामने धंसी सड़क
- फोटो : Amar Ujala
राजधानी पटना में राजेंद्रनगर टर्मिनल के सामने (कुम्हरार से पटना जंक्शन मार्ग पर पंसिया होटल के पास) सड़क धंसने की घटना सामने आई है। इसके कारण ट्रैफिक जाम लग गया और यातायात पुलिस को आनन-फानन में रास्ता बंद कर रूट डायवर्ट करना पड़ गया है। मरम्मत का काम शुरू करा दिया गया है, क्योंकि शाम में कार्यालय अवधि खत्म होने पर भी इस रास्ते पर भारी दबाव रहता है और राजधानी समेत कई ट्रेनों के प्रस्थान का भी समय शाम में ही रहता है।
सड़क धंसने की सूचना पर पथ निर्माण विभाग की ओर से त्वरित कार्रवाई करते हुए धंसे हुए हिस्से को कंक्रीट से भर दिया गया है। कंक्रीट को सूखने और जमने में समय लगने के कारण सुरक्षा के लिहाज से बैरिकेडिंग की गई है। फिलहाल दोनों तरफ के वाहनों को एक ही लेन से निकाला जा रहा है, जिससे मार्ग पर गाड़ियों का दबाव बढ़ गया है। सड़क के दूसरे हिस्से में भी दरारें दिखने के कारण लोहे की पट्टियाँ बिछाई गई हैं।
यातायात पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि जाम से बचने के लिए संभव हो तो वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।