पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल में रहने वाली छात्रा के साथ उसके परिचित तीन छात्रों द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पाटलिपुत्र थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपी छात्रों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने पीड़िता की मेडिकल जांच भी कराई है।
दोस्ती के बाद कमरे में रखा था सामान
पुलिस के अनुसार, पीड़िता और तीनों आरोपियों के बीच पहले से दोस्ती थी। छात्रा कुछ दिन पहले हॉस्टल खाली कर चुकी थी और अपना सामान तीनों छात्रों के कमरे में रख दिया था। बाद में जब उसे रहने के लिए नया कमरा मिल गया तो उसने अपना सामान वापस लेने के लिए तीनों से संपर्क किया। आरोप है कि छात्रों ने उसे सामान लेने के लिए अपने कमरे पर बुलाया।
शेक पीने के बाद बिगड़ी छात्रा की हालत
पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि कमरे में पहुंचने के बाद एक छात्र ने उसे शेक पीने के लिए दिया। आरोप है कि शेक में कोई नशीला पदार्थ मिला हुआ था। शेक पीने के कुछ देर बाद उसे चक्कर आने लगा और वह बेहोशी की हालत में चली गई। पीड़िता के मुताबिक, बाद में जब उसे होश आया तो उसे अपने साथ कुछ गलत होने का एहसास हुआ।
घटना को लेकर तीनों छात्रों से हुई कहासुनी
इसके बाद छात्रा ने तीनों छात्रों से घटना के संबंध में पूछताछ की तो उनके बीच विवाद और कहासुनी हो गई। छात्रा ने घटना की जानकारी अपने स्वजन को दी। परिजनों के साथ थाने पहुंचकर उसने तीनों छात्रों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।
यह भी पढें:
बिहार के छात्रों के लिए सीएम सम्राट की चार बड़ी घोषणाएं, शिक्षा-परीक्षा व्यवस्था में बदलाव होंगे; जानिए
पुलिस ने तीनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
पाटलिपुत्र थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।