पटना साइबर थाना पुलिस ने पीएम मुद्रा लोन योजना के नाम पर साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल, सिम, लैपटॉप, एटीएम कार्ड और नकदी बरामद की है।
पीएम मुद्रा लोन योजना के नाम पर लोगों से साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पटना साइबर थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस की विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के नौ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में तेलंगाना, मध्य प्रदेश, नवादा और नालंदा जिले के रहने वाले लोग शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार राहुल इस साइबर ठगी गिरोह का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। आरोपी पीएम मुद्रा लोन दिलाने का झांसा देकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे और उनसे अलग-अलग मदों में पैसे की ठगी करते थे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दर्जनों मोबाइल फोन, सिम कार्ड, लैपटॉप, लाल डायरी, विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड और करीब 51 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पूछताछ में गिरोह से जुड़े साइबर अपराध और नेटवर्क के संबंध में अहम जानकारी मिलने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और इसके पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। साइबर थाना पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई जारी है।