फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar News: तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंदते हुए गड्ढे में पलटी, एक की मौत; तीन लोग घायल

Mon, 09 Jun 2025 04:08 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

सार

Patna News: पटना में एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंदते हुए आगे जाकर गड्ढे में पलट गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कार चालक समेत तीन लोग गंभीर घायल हो गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
विज्ञापन
दुर्घटनाग्रस्त कार और आसपास खड़े लोग - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पटना जिले के बिहटा स्थित आईआईटी अमहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बिहटा-लई मुख्य मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। आटा चक्की के पास सड़क किनारे खड़े कई लोगों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई, जिससे वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

विज्ञापन

 
तेजन यादव की मौके पर ही गई जान, कार सवार गंभीर
घटना में मृतक की पहचान राजपुर गांव निवासी दानी यादव के 50 वर्षीय पुत्र तेजन यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तेजन यादव गेहूं की पिसाई के लिए दिलावरपुर के पास एक आटा चक्की मिल आए थे और कुछ अन्य लोगों के साथ सड़क किनारे खड़े थे। उसी दौरान एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर उन्हें टक्कर मारती चली गई और आगे जाकर गड्ढे में पलट गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तेजन की मौके पर ही मौत हो गई।

यह भी पढ़ें- Bihar: हम पार्टी के झंडे और हथियार संग युवक का वीडियो सामने आया, राजद ने मांझी से मांगा जवाब; JDU का ऐसा रुख
विज्ञापन

 
कार के अंदर फंसे चालक को स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए बिहटा के अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे पटना रेफर कर दिया। हादसे में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनका प्राथमिक उपचार जारी है। कार सवार युवक की पहचान बिहटा निवासी के रूप में हुई है।
 
हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने सड़क पर किया प्रदर्शन
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे और सड़क पर आगजनी कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। कुछ घंटों तक बिहटा-लई मार्ग पूरी तरह बाधित रहा। ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

विज्ञापन

 
पुलिस मौके पर पहुंची, शव को भेजा पोस्टमार्टम के लिए
सूचना मिलते ही आईआईटी अमहरा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है। मृतक तेजन यादव के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और शांति बनाए रखने की अपील की गई है।

यह भी पढ़ें- Bihar Crime: अन्नप्राशन समारोह में साढ़ू पर गोली चलाकर चाकू से हमला, घायल वाराणसी रेफर; हथियार बरामद, जानें
 
शोक में डूबा गांव, परिजनों में मचा कोहराम
घटना के बाद राजपुर गांव में मातम पसर गया है। मृतक के परिजन बेसुध हैं और पूरे गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर वाहनों की रफ्तार पर कोई नियंत्रण नहीं है, जिसके कारण इस तरह की घटनाएं बार-बार हो रही हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर लगाने और ट्रैफिक निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें