76वें गणतंत्र दिवस समारोह के भव्य आयोजन को लेकर पटना के जिलाधिकारी (डीएम) डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने गुरुवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में एक समीक्षा बैठक की। इस दौरान डीएम ने तैयारियों का बारीकी से अवलोकन किया और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि यह एक फिक्स्ड टाइम-फिक्स्ड वेन्यू आयोजन है, इसलिए इसकी तैयारी त्रुटिरहित और समन्वित होनी चाहिए।
परेड और झांकियों की तैयारी
गणतंत्र दिवस समारोह का मुख्य आकर्षण परेड और झांकियां होंगी। 11 जनवरी से परेड रिहर्सल शुरू होगी और 24 जनवरी को अंतिम पूर्वाभ्यास किया जाएगा। डीएम ने परेड के लिए सभी टुकड़ियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। झांकियों की ऊंचाई 15 फीट तक सीमित रहेगी। उप विकास आयुक्त और नजारत उप समाहर्ता झांकियों की गुणवत्ता और अनुशासन सुनिश्चित करेंगे।
स्वास्थ्य और आकस्मिक सेवाएं
चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवाओं के तहत प्राथमिक उपचार केंद्र, एंबुलेंस और प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती की जाएगी। रेड क्रॉस सोसाइटी भी इस कार्य में सहयोग करेगी। डीएम ने आकस्मिक परिस्थितियों के लिए दो अग्निशमन दस्तों की भी व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
यातायात और भीड़ प्रबंधन
गणतंत्र दिवस के दिन सुचारु यातायात प्रबंधन को लेकर विशेष ध्यान दिया गया है। पुलिस अधीक्षक (यातायात) और जिला परिवहन पदाधिकारी को वैकल्पिक मार्गों और पार्किंग व्यवस्था की योजना बनाने का निर्देश दिया गया। डीएम ने विशेष रूप से बताया कि महादलित टोलों में झंडोत्तोलन का आयोजन किया जाएगा। इन टोलों में सबसे बुजुर्ग व्यक्ति द्वारा झंडोत्तोलन कराया जाएगा। समारोह के संचालन में विकास मित्र और स्थानीय शिक्षक भी शामिल रहेंगे।
डीएम ने अधिकारियों को दी चेतावनी
डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने अधिकारियों को सजग और तत्पर रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस पर उत्कृष्ट भीड़ प्रबंधन, विधि-व्यवस्था और यातायात संचालन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी तैयारियां पूरी करनी होंगी।
बैठक में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह के साथ वरीय पुलिस अधीक्षक अवकाश कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक स्वीटी सहारावत, अनुमंडल पदाधिकारी गौरव कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।