फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Budget 2025: मंत्री नितिन नवीन बोले- ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट से बढ़ेगी कनेक्टिविटी, ट्रैफिक व्यवस्था होगी बेहतर

Sat, 01 Feb 2025 09:46 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

सार

Patna News: मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि यह बजट किसानों, व्यापारियों और आम जनता के लिए बेहतरीन अवसरों से भरा हुआ है। खासकर, वार्षिक आय पर आयकर में छूट दिए जाने के फैसले से मध्यम वर्ग को बहुत राहत मिलेगी। इसके लिए उन्होंने पीएम और वित्तमंत्री का आभार भी जताया।
विज्ञापन
मंत्री नितिन नवीन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा शनिवार को पेश किए गए केंद्रीय बजट में बिहार को कई महत्वपूर्ण सौगातें मिली हैं। इसे लेकर बिहार के नगर विकास एवं आवास मंत्री नितिन नवीन ने केंद्र सरकार और वित्त मंत्री का आभार व्यक्त किया।

विज्ञापन


उन्होंने कहा कि यह बजट किसानों, व्यापारियों और आम जनता के लिए बेहतरीन अवसरों से भरा हुआ है। खासकर, 12 लाख तक की वार्षिक आय पर आयकर में छूट दिए जाने के फैसले से मध्यम वर्ग को बहुत राहत मिलेगी।
 
ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट से पटना को मिलेगी नई उड़ान
मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि बिहार के भविष्य की जरूरतों को देखते हुए केंद्रीय वित्त मंत्री द्वारा राज्य में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की घोषणा एक दूरदर्शी कदम है। इससे न केवल यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी, बल्कि पटना जैसे शहरों की ट्रैफिक व्यवस्था भी सुगम होगी। हवाई यातायात का विस्तार होने से बिहार के औद्योगिक और आर्थिक विकास को भी मजबूती मिलेगी।
विज्ञापन

 
मखाना बोर्ड से किसानों को मिलेगा लाभ
मंत्री ने बजट में मखाना बोर्ड की घोषणा का भी स्वागत किया और कहा कि इससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। मखाना उत्पादन, प्रसंस्करण और व्यापार में बढ़ोतरी होगी। इससे विशेष रूप से मिथिलांचल के किसानों को काफी लाभ मिलेगा। यह कदम बिहार के कृषि विकास को एक नई दिशा प्रदान करेगा और इसे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बेहतर पहचान मिलेगी।
 
शिक्षा और बुनियादी ढांचे को मिलेगा नया आयाम
पटना आईआईटी के विस्तार, राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी और उद्यमिता प्रबंधन संस्थान की स्थापना और पटना एयरपोर्ट के विस्तार को लेकर मंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से बिहार में उच्च शिक्षा और बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी। इससे न केवल स्थानीय छात्रों को उच्च स्तरीय शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा, बल्कि राज्य की औद्योगिक संभावनाएं भी विकसित होंगी।
 
मधुबनी कला को संसद में मिला सम्मान
मंत्री नितिन नवीन ने बजट सत्र के दौरान केंद्रीय वित्त मंत्री द्वारा मधुबनी कढ़ाई से सजी साड़ी पहनने को बिहार की कला और संस्कृति के प्रति सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक परिधान नहीं था, बल्कि बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की पहचान भी है। मां जानकी की भूमि से निकली यह कला जब संसद के मंच तक पहुंची, तो यह बिहार के लिए गर्व का क्षण था।
 
प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री का जताया आभार
मंत्री ने कहा कि बिहार के विकास को गति देने के लिए वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के आभारी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट बिहार के हर क्षेत्र को समृद्ध बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और राज्य के नागरिकों को नए अवसर प्रदान करेगा।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें