पटना में सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। हादसा गुरुवार दोपहर 2:30 बजे गंगा पथ पर हुआ। LCT घाट के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार डिवाइडर से जा टकराया। इसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और कार भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
इधर, गंगा पथ पर कुछ देर के लिए आगमन बाधित हो गया। देखते ही देखते लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बाइक सवार को PMCH भेजा। हालांकि, डॉक्टर में उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, कार की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हो गई है। क्षतिग्रस्त कार और बाइक को जब्त कर लिया गया है। कार ड्राइवर की तलाश की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।