पटना के रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के भूपतिपुर इलाके में शनिवार रात बाइक सवार बदमाशों ने एक गैराज मालिक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान अंजनी नंदन कुमार के रूप में हुई है। वह भूपतिपुर में नंदन ऑटोमोबाइल नाम से गैराज चलाते थे। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि अंजनी नंदन कुमार शनिवार रात गैराज बंद करने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर अचानक फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद वह सड़क पर गिर पड़े। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक से फरार हो गए।
तीन गोलियां लगीं, अस्पताल में मौत
गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायल अंजनी नंदन कुमार को कंकड़बाग स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बताया गया कि उन्हें तीन गोलियां लगी थीं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही रामकृष्ण नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और वहां से तीन खोखे बरामद किए हैं। जांच के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
बिहार: आज भी बिहार के कई जिलों में बारिश-वज्रपात का अलर्ट, कोसी-गंडक में उफान से कहां-कहां बाढ़ का खतरा?
घटना के बाद राजद ने बोला सरकार पर हमला
गैराज मालिक की हत्या के बाद बिहार में राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। राजद ने इस मामले को लेकर सीएम सम्राट चौधरी पर हमला बोला है। राजद ने कहा कि जब तक राज्य भर से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी हत्या, बलात्कार, छेड़छाड़, लूट, छिनतई, गोलीबारी, हत्या की कोशिश, चोरी, ठगी, साइबर फ्रॉड, घूसखोरी... इत्यादि के कुल 300-400 मामले नहीं सुन लेते हैं, नींद ही नहीं आती है। बिहार में लगातार बढ़ रहे अपराध पर वह मौन हैं। वहीं वामदल ने एनडीए सरकार को संरक्षण देने का आरोप लगाया है।
इधर, पटलवार करते हुए जदयू के वरिष्ठ नेता और विधायक श्याम रजक ने कहा कि आपराधिक घटनाएं निश्चित रूप से चिंता का विषय हैं, लेकिन सरकार अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी ढंग से काम कर रही है। किसी भी कीमत अपराध करने वाले के खिलाफ कार्रवाई होगी और जो अपराध करेगा, वह सीधे ऊपर जाएगा। पुलिस फिलहाल हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान का पता लगाने में जुटी है।