पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत सकसोहरा थाना क्षेत्र के दल्लोचक गांव में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। गांव का करीब 17 साल पुराना ग्रामीण पुल अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के समय पुल पर बैठे पांच से सात युवक सीधे नीचे गड्ढे में जा गिरे। घटना में पांच युवक घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
अचानक पुल का हिस्सा टूटकर गिरा
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 10:30 बजे गांव के कुछ युवक पुल पर बैठकर आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान अचानक पुल का हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुल के नीचे फंसे युवकों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बांस व लकड़ी की मदद से काफी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला।
तीन लोगों को आई गंभीर चोट
घायल युवक मुनचुन ने बताया कि वह अन्य साथियों के साथ पुल पर बैठा था, तभी अचानक पुल गिर गया और सभी नीचे जा गिरे। घटना में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि दो को हल्की चोटें आई हैं। ग्रामीण राम कुमार पासवान ने बताया कि यह पुल गांव के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग था, जिससे गांव के एक छोर से दूसरे छोर तक आवाजाही होती थी। अचानक पुल गिरने से ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश दोनों है।
ये भी पढ़ें-
Bihar News: महिलाओं को इलेक्ट्रिक कार खरीदने पर मिलेगा एक लाख का अनुदान, कैबिनेट ने दी नई EV नीति को मंजूरी
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुल गिरने के कारणों की पड़ताल की जा रही है।