दो महीने से लापता युवक की हत्या की आशंका
- फोटो : अमर उजाला
बाढ़ अनुमंडल के अथमलगोला के इंग्लिश निवासी सत्येंद्र कुमार सिंह और उनका परिवार पिछले दो महीने से अपने बेटे कुंदन कुमार की तलाश कर रहा है। परिजनों ने कुंदन की हत्या कर शव गंगा में बहा देने की आशंका जताई है। मामले में जल्द कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने एसएसपी, डीजीपी समेत तमाम वरीय अधिकारियों से मुलाकात की है और जल्द मामले का उद्भेदन करने की मांग की है।
मामला 9 सितंबर 2026 का है। पटना के बहादुरपुर थाना क्षेत्र की न्यू कुंज कॉलोनी में रह रहे कुंदन कुमार रात करीब 10 बजे के बाद लापता हो गए थे। परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। इसी दौरान उनके एक मित्र अंगद कुमार उर्फ सूर्या सोलंकी के साथ रहने की बात सामने आई। अंगद बाढ़ के बेल्लौर गांव का रहने वाला बताया जाता है। घटना के समय वह भी पटना की न्यू कुंज कॉलोनी में ही रह रहा था।
परिजनों ने अंगद से बातचीत की और उसके बताए अनुसार बहादुरपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा। परिजनों ने भी अपने स्तर से पड़ताल की। इस दौरान उन्हें कुंदन कुमार के मरीन ड्राइव जाने का सीसीटीवी फुटेज मिला। इसके बाद परिजनों को उसके दोस्त सूर्या सोलंकी पर संदेह हुआ कि उसी ने कुंदन का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी है। इस संबंध में परिजनों ने पुलिस को लिखित आवेदन दिया। तब से आरोपी सूर्या सोलंकी फरार है।
परिजनों को संदेह है कि सूर्या सोलंकी ने अपने दो अन्य दोस्तों के साथ मिलकर कुंदन की हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। उनका कहना है कि कुंदन का दोस्त बार-बार झूठी बातें बताकर उन्हें गुमराह कर रहा था। मरीन ड्राइव पर साथ जाने के बाद उसके पैर में चोट लगी हुई थी। इससे परिजनों को आशंका है कि वहां कुंदन और उसके बीच झड़प हुई होगी।