किशोर की मौत से परिजनों में मातम
- फोटो : अमर उजाला
नालंदा जिले के बिहार थाना क्षेत्र स्थित बड़ी दरगाह के मखदूम तालाब में बुधवार सुबह एक किशोर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बिहार थाना क्षेत्र के बनौलिया निवासी दिवंगत मो. रजाक के 15 वर्षीय पुत्र मो. रेहान के रूप में हुई है।
ईद के दिन से लापता था किशोर
परिजनों के मुताबिक, मो. रेहान ईद के दिन घर से घूमने की बात कहकर निकला था, लेकिन उसके बाद से वह वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। बुधवार सुबह बड़ी दरगाह में रहने वाले एक रिश्तेदार ने फोन कर बताया कि मखदूम तालाब में एक शव मिला है, जो रेहान की तरह दिख रहा है। इसके बाद परिजनों ने वाट्सएप के जरिए आई तस्वीरों से उसकी पहचान की।
यह भी पढ़ें- Bihar News: सरकारी स्कूल में घुसे असामाजिक तत्व, प्रिंसिपल को बेरहमी से पीटा; परिसर में मची अफरा-तफरी
पैर फिसलने से डूबकर मौत की आशंका
परिजनों को आशंका है कि रेहान तालाब के पास हाथ-पैर धोने गया होगा। वहां सीढ़ियों पर जमी काई के कारण उसका पैर फिसल गया होगा। गहरे पानी में चले जाने से वह डूब गया और किसी को इसका पता भी नहीं चला। दरअसल बड़ी दरगाह के पास इन दिनों चिरागा मेला लगा हुआ है, जिससे यह संभावना जताई जा रही है कि रेहान मेला घूमने के लिए वहां पहुंचा होगा।
सुबह तालाब में मिला शव, पुलिस ने शुरू की जांच
स्थानीय लोगों ने बताया कि जब वे सुबह मखदूम तालाब के पास पहुंचे, तो पानी में एक किशोर का शव तैरता हुआ नजर आया। तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद बिहार थाना अध्यक्ष सम्राट दीपक अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया।
यह भी पढ़ें- Bihar News: महात्मा गांधी सेतु पर महाजाम से लोग परेशान; सुबह दो ट्रक की टक्कर के कारण गई थी एक की जान
परिजनों में मातम
किशोर की मौत के बाद उसके परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के सही कारणों का पता लगाया जाएगा।