नालंदा जिले में बाइक सवार बदमाशों ने एक बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना हिलसा थाना क्षेत्र के सूर्यमंदिर तालाब के पश्चिम छोर पर हुई है। मृतक की पहचान परवलपुर थाना क्षेत्र के मिल्कीपर तारा बिगहा निवासी स्वर्गीय सरयुग प्रसाद के (60) वर्षीय पुत्र भूषण यादव के रूप में की गई है। वह पिछले पांच साल से हिलसा शहर के बस स्टैंड के समीप रह रहे थे।
घटना के संबंध में मृतक के पुत्र अजबलाल ने बताया कि उसके पिता घर से खाना खाकर हिलसा कोर्ट ताईद से मिलने जा रहे थे। इसी बीच सूचना मिली कि पिता की गोली मार हत्या कर दी गई है। फिलहाल, घटना के कारणों पर सस्पेंस बना हुआ है।
यह भी पढ़ें: जीवेश मिश्रा बोले- बिहार से इंडी अलायंस का हाल 2010 से भी बुरा होगा, CM नीतीश को सबसे स्वस्थ बताया
चर्चा है कि जमीन विवाद में बुजुर्ग को गोली मार हत्या की गई है। पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने दो गोली मारी है, जिसके कारण मौके पर ही बुजुर्ग की मौत हो गई। बुजुर्ग अपने परिवार के साथ हिलसा शहर के बस स्टैंड वाले घर में रह रहे थे। जो विवादित बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलने के उपरांत हिलसा डीएसपी सुमित कुमार एवं हिलसा थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम हेतु बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें: पर्यटन नीति 2023 से राज्य में निवेश और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा, धार्मिक और ईको-पर्यटन पर विशेष जोर
वहीं, मौके पर एफएसएल की टीम को निरीक्षण के लिए बुलाया गया है। हिलसा डीएसपी सुमित कुमार ने बताया कि घटना का कारण अभी अस्पष्ट है। मृतक का अपराधिक इतिहास भी पाया गया है। फिलहाल, सभी बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।