शराब के खाली रैपर और पाउच मौके पर मिले
- फोटो : Amar Ujala
नालंदा जिले के सोहसराय थाना क्षेत्र में एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। बुधवार सुबह सोहडीह बधार से युवक का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, जिससे पीट-पीटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
पेशे से मजदूर था
मृतक की पहचान सोहसराय थाना क्षेत्र के गोलापर निवासी 32 वर्षीय राजन कुमार के रूप में हुई है। वह सुधीर साव का पुत्र था और पेशे से मजदूर था। राजन दो बच्चों का पिता था। बताया जाता है कि वह मूल रूप से सोहसराय बीच बाजार का रहने वाला था, लेकिन वर्तमान में सोहडीह गोलापर में रह रहा था।
परिवार के लोग तलाश करते रहे
परिजनों के अनुसार, राजन मंगलवार को ढलाई कार्य के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे। बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने सोहडीह बधार स्थित 17 नंबर पावर ग्रिड के उत्तर दिशा में एक शव पड़ा देखा और इसकी सूचना वार्ड पार्षद विनोद रविदास को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर कई चोटों के निशान मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि उसकी बेरहमी से पिटाई कर हत्या की गई है।
घटनास्थल से शराब के खाली रैपर मिले
घटनास्थल के आसपास देसी शराब के खाली रैपर और पाउच भी मिले हैं। मृतक के भाई साजन कुमार और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार चल रहा है। उनका कहना है कि यहां अक्सर नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है। परिजनों ने आशंका जताई है कि हत्या के पीछे शराब कारोबारियों या नशे के आदी लोगों का हाथ हो सकता है। हालांकि उन्होंने किसी व्यक्तिगत दुश्मनी या पारिवारिक विवाद से इनकार किया है।
ये भी पढ़ें-
Bihar: भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले में बाबा बागेश्वर की एंट्री, आएंगे आरा; पूछा- सजा कोर्ट देगी या पुलिस?
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा
सोहसराय थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया है। घटनास्थल से मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। वैज्ञानिक साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।
घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। दो छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोगों ने इलाके में अवैध शराब के कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।