Bihar: पीड़ित ने बताया कि बारिश से बचने के लिए पत्नी के साथ पास के एक मजबूत घर में शरण लेने जा रहे थे। तभी अचानक बिजली की तेज चमक के साथ जोरदार गड़गड़ाहट हुई और पत्नी वहीं गिर पड़ीं। जब उन्हें इलाज के लिए ले जाने लगे तो रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई।
नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र में प्राकृतिक आपदा ने एक परिवार पर दोहरी मार पड़ी है। पहले तो गुरुवार को आई भीषण आंधी और बारिश में परिवार का खुशनुमा घर उजड़ गया और फिर शनिवार रात को आई तेज आंधी और बारिश के दौरान एक महिला की आकाशीय बिजली गिरने से मृत्यु हो गई।
विज्ञापन
मृतका जनकपुर गांव निवासी अशोक कुमार की (43) वर्षीय पत्नी संजू देवी थी। संजू देवी के पति अशोक कुमार ने बताया कि 10 अप्रैल को आई आंधी और बारिश की वजह से हमारा झोपड़ी नुमा घर पूरी तरह से उजड़ गया था। शुक्रवार को हमने किसी तरह फूस डालकर फिर से झोपड़ी को खड़ा किया था। लेकिन शनिवार की रात अचानक फिर से आंधी और बारिश शुरू हो गई।
उन्होंने आगे बताया की हम बारिश से बचने के लिए पत्नी के साथ पास के एक मजबूत घर में शरण लेने जा रहे थे। तभी अचानक बिजली की तेज चमक के साथ जोरदार गड़गड़ाहट हुई और मेरी पत्नी वहीं गिर पड़ीं। जब हम उन्हें इलाज के लिए ले जाने लगे तो रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई।
बेन थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आकाशीय बिजली (ठनका) के चपेट में आने से महिला की मौत हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बिहार शरीफ भेज दिया गया है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि आपदा प्रबंधन के नियमों के तहत मृतक के आश्रितों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।