बिहार के नालंदा जिले में प्रेम-प्रसंग का एक अनोखा मामला सामने आया है। जहां पिछले दो दिनों में एक युवती ने लगातार दूसरी बार प्रेमी के घर के पास जहर खाकर खुदकुशी करने का प्रयास किया है। मामला नूरसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत बाजार इलाके का है। युवती रहुई थाना क्षेत्र अंतर्गत रहुई बाजार निवासी नेहरू साव की (25) वर्षीया पुत्री रिया गुप्ता है। रिया गुप्ता अपनी भाभी के भाई दीपक कुमार से शादी करना चाहती है।
बताया जाता है कि रिया गुप्ता पूर्व से शादीशुदा है। हालांकि, किसी बात को लेकर पति से अनबन हुई। उसके बाद वह अपने मायके में ही रह रही है। इसी बीच भाभी के भाई दीपक कुमार से मिलना जुलना हुआ और फोन पर बात होने लगी। जब रिया को इस बात का पता चला कि दीपक की शादी कहीं अन्यत्र जगह लग गई है। तब वह दीपक से शादी करने का दवाब बनाने लगी। दो दिन पूर्व भी वह दीपक के घर के पास जाकर फिनायल पी ली थी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए दीपक के द्वारा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
बुधवार को फिर से एक बार रिया नूरसराय पहुंची और उसने कीटनाशक दवा पी ली और वह प्रखंड कार्यालय स्थित आरटीपीएस काउंटर के पास जाकर बैठी हुई थी, जिस पर वहां मौजूद कर्मियों की नजर पड़ी। इसके उपरांत स्थानीय पुलिस को इस बात की जानकारी दी गई। आनन-फानन में उसे बिहार शरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह इलाजरत है।
रिया पहले से ही शादीशुदा
वहीं, दीपक ने बताया कि साल 2017 में उसकी बहन की शादी रिया के भाई से हुई थी। इस बीच एक दो बार मिलना जुलना हुआ और अब जबरन रिया उससे शादी करना चाहती है। जबकि उसकी शादी कही और लगी हुई है। रिया पहले से ही शादी शुदा है उसके घर वालों की भी इसमें सहमति है।
'आई लव यू माय जिंदगी'
रिया ने कलम से अपने बाएं हाथ मे लिख रखी है कि जीना चाहते थे। आई लव यू माय जिंदगी। मेरी लाश इस नंबर पर दे देना मेरी अंतिम इच्छा। वहीं, इस मामले में नूरसराय थाना अध्यक्ष रजनीश कुमार ने बताया कि आवेदन मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुट गई। युवक का कहना है कि जबरन उसकी बहन की ननद शादी करना चाहती है। जबकि उसकी शादी कहीं और लगी हुई है। फिलहाल, सदर अस्पताल में युवती इलाजरत है।