रोहतास जिले के नौहट्टा थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के एक महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस दिल दहला देने वाली वारदात के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया है। मृतका की पहचान अरविंद विश्वकर्मा की करीब 30 वर्षीय पत्नी सविता देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दूधमुंहे बच्चे के सामने मां की हत्या
बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह सविता देवी अपने एक साल के बच्चे को गोद में लेकर खेत में भिंडी तोड़ने गई थीं। इसी दौरान परिवार के कुछ अन्य सदस्यों से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि मामूली कहासुनी के बाद हमलावरों ने महिला पर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि महिला की गोद में छोटा बच्चा होने के बावजूद आरोपियों का दिल नहीं पसीजा। बच्चे के सामने ही महिला को बेरहमी से पीटकर लहूलुहान कर दिया गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
जमीन विवाद में हत्या की आशंका
स्थानीय लोगों के अनुसार, महिला का अपने गोतिया-पट्टीदारों के साथ जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि विवादित जमीन पर ही भिंडी तोड़ने को लेकर झगड़ा हुआ और मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। घटना के बाद गांव में दहशत और मातम का माहौल है।
ये भी पढ़ें-
Bihar News : पटना की मंडी में भीषण आग, कपूर और पूजा सामग्री की दुकान जलकर खाक; लाखों का नुकसान
आठ लोगों पर नामजद प्राथमिकी
घटना की सूचना मिलते ही नौहट्टा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।