फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar News: मौत बनकर दौड़ा करंट! ऑटो हादसे के बाद करंट की चपेट में आए यात्री, तीन की जान गई

Sat, 25 Jul 2026 04:44 PM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

सार

पटना के मनेर थाना क्षेत्र के बयापुर गांव में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पंचायत सरकार भवन के पास तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में पलट गया और एलटी (लो टेंशन) बिजली लाइन की चपेट में आने से गड्ढे में करंट फैल गया।
विज्ञापन
शोकाकुल परिजन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजधानी पटना से सटे मनेर थाना क्षेत्र के बयापुर गांव में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। पंचायत सरकार भवन के पास तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में पलट गया। हादसे के बाद ऑटो एलटी (लो टेंशन) बिजली लाइन की चपेट में आ गया, जिससे गड्ढे में करंट फैल गया और उसमें फंसे लोग बिजली की चपेट में आ गए। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और मातम का माहौल है।

बयापुर पंचायत सरकार भवन के पास हुआ हादसा

यह हादसा मनेर थाना क्षेत्र के बयापुर पंचायत सरकार भवन के समीप रामजी चक-बांक मार्ग पर हुआ। जानकारी के अनुसार, ऑटो पर करीब 10 लोग सवार थे। वहीं, शुरुआती जानकारी में छह लोगों के सवार होने की बात भी सामने आई है। इसी दौरान ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में पलट गया। हादसे के बाद वहां मौजूद एलटी बिजली लाइन की चपेट में आने से गड्ढे में करंट फैल गया और ऑटो में सवार लोग उसकी चपेट में आ गए।

तीन लोगों की मौके पर मौत

इस दर्दनाक हादसे में बयापुर निवासी प्रमोद कुमार (34), पिता स्व. बनारसी राय, टुनटुन राय (47), पिता रामइकबाल राय तथा गोरैयास्थान निवासी पन्ना साव, पिता रतन साव की मौके पर ही मौत हो गई। घटना में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक घायल का इलाज मनेर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में चल रहा है, जबकि अन्य घायलों की स्थिति पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं।

ये भी पढ़ें-  पटना पहुंचे भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, बांकीपुर उपचुनाव पर फोकस; 100 दिन के कामकाज की भी होगी समीक्षा

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंचे और तुरंत डायल-112 तथा मनेर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बिजली विभाग की टीम को बुलाकर एलटी लाइन की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। इसके बाद गड्ढे में फंसे ऑटो से तीनों शवों को बाहर निकाला गया।

शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है। वहीं, पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

कार से टक्कर के बाद अनियंत्रित हुआ ऑटो

स्थानीय लोगों के अनुसार, ऑटो तेज रफ्तार में चल रहा था। पंचायत सरकार भवन के पास उसकी एक कार से हल्की टक्कर हो गई, जिसके बाद चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद ऑटो सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया और उसी दौरान एलटी बिजली लाइन की चपेट में आ गया, जिससे हादसा और भी भयावह हो गया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

पुलिस जांच में जुटी

मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने तीन लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गड्ढे में बिजली का करंट कैसे प्रवाहित हुआ और हादसे के लिए जिम्मेदार परिस्थितियां क्या थीं। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें