फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mahavir Temple: महावीर आरोग्य संस्थान का बनेगा नया भवन, विराट रामायण मंदिर परियोजना पर विशेष जोर

Mon, 27 Apr 2026 07:37 PM IST
पटना ब्यूरो न्यूज डेस्क,अमर उजाला, पटना

सार

Patna News: महावीर स्थान न्यास समिति की बैठक में नए अस्पताल भवन, कैंसर संस्थान विस्तार, नई मशीनों की खरीद, नीकू बेड बढ़ाने और विराट रामायण मंदिर परियोजना की नियमित समीक्षा जैसे कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
विज्ञापन
महावीर आरोग्य संस्थान का बनेगा नया भवन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महावीर मंदिर अब सेवा का पर्याय बन चुका है। सोमवार को महावीर स्थान न्यास समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) बीएन अग्रवाल ने की। बैठक का शुभारंभ दिवंगत पद्मश्री आचार्य किशोर कुणाल के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित कर तथा समाज के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए किया गया।

विज्ञापन

 
महावीर आरोग्य संस्थान में बनेगा अत्याधुनिक भवन
बैठक में महावीर आरोग्य संस्थान में एक अत्याधुनिक भवन के निर्माण का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने की दिशा में कई प्रस्तावों पर सहमति बनी। न्यास समिति ने कहा कि संस्थान की सेवाओं का विस्तार जरूरतमंद लोगों के बेहतर उपचार के उद्देश्य से किया जाएगा।
 
कैंसर संस्थान में बढ़ेंगी सुविधाएं
यह भी निर्णय लिया गया कि महावीर कैंसर संस्थान के डी-ब्लॉक का निर्माण एक वर्ष के भीतर पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके पूर्ण होने के पश्चात महावीर कैंसर संस्थान बिस्तरों की संख्या के आधार पर भारत का सबसे बड़ा कैंसर अस्पताल बन जाएगा। बैठक में आचार्य किशोर कुणाल बाल कैंसर अस्पताल के निर्माण कार्य को तेज करने का भी निर्णय लिया गया।
विज्ञापन

 
नई मशीनों की खरीद को मंजूरी
महावीर कैंसर संस्थान के लिए नए पेट सिटी (पीईटी) स्कैन मशीन एवं लीनियर एक्सीलरेटर की खरीद की स्वीकृति दी गई। इससे कैंसर जांच और उपचार सेवाओं को और आधुनिक बनाने की तैयारी है। इसके साथ ही कैंसर अस्पताल के विभिन्न विभागों में डीएनबी के (पीजी) पाठ्यक्रम प्रारंभ करने और कुछ विभागों में डीएनबी कोर्स में सीट बढ़ाने का भी निर्णय लिया गया। वैसे डीएनबी की पढ़ाई शुरू है।

पढ़ें- Bihar: बिहारवासी इन व्यवसायों के लिए करें यहां मुफ्त में निबंधन; फिल्म शूटिंग से भी मिलेगा रोजगार
 
वात्सल्य अस्पताल में बढ़ेंगे नीकू बेड
महावीर वात्सल्य अस्पताल में 10 नए नीकू बेड जोड़े जाएंगे, जिससे नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल सुनिश्चित की जा सकेगी। न्यास समिति का मानना है कि इस फैसले से शिशु चिकित्सा सेवाओं को और मजबूती मिलेगी।
 
विराट रामायण मंदिर परियोजना की होगी नियमित समीक्षा
बैठक में विराट रामायण मंदिर परियोजना की प्रगति की मासिक समीक्षा नियमित रूप से करने का निर्णय लिया गया। खासकर इस बार के बजट में पूर्वी चंपारण के कैथवलिया में निर्माणाधीन विराट रामायण मंदिर, फुलवारीशरीफ में 18 साल तक के कैंसर पीड़ित बच्चों के लिए 100 बेड का आचार्य किशोर कुणाल बाल कैंसर अस्पताल और मंदिर द्वारा संचालित अस्पतालों पर विशेष ध्यान दिया गया है।
 
सेवा योजनाएं रहेंगी जारी

  • राम रसोई, सीता रसोई, विष्णु रसोई एवं दरिद्रनारायण भोज जैसी सेवा योजनाएं निरंतर जारी रहेंगी।
  • महावीर मंदिर की ओर से विभिन्न सेवामूलक गतिविधियां नियमित चलाई जाती हैं। इनमें अयोध्या में राम रसोई, सीतामढ़ी में सीता रसोई और महावीर मंदिर में दरिद्र नारायण भोजन शामिल है।
  • अयोध्या के राम रसोई में प्रतिदिन 8000 से 10,000 लोगों को निःशुल्क भोजन कराया जाता है।

 
नौ अस्पतालों का संचालन
महावीर मंदिर द्वारा विभिन्न नौ अस्पतालों का संचालन किया जा रहा है। इनमें महावीर कैंसर संस्थान, महावीर आरोग्य संस्थान, महावीर वात्सल्य अस्पताल, महावीर हॉर्ट अस्पताल, महावीर नेत्रालय, महावीर वरिष्ठ नागरिक अस्पताल आदि शामिल हैं। इन अस्पतालों में मरीजों का काफी कम खर्च में इलाज, सर्जरी आदि की सुविधा उपलब्ध है।
 
बच्चों और बुजुर्गों के लिए विशेष व्यवस्था
महावीर कैंसर संस्थान में 18 साल तक के कैंसर पीड़ित बच्चों का निःशुल्क इलाज की व्यवस्था है। साथ ही इन मरीजों को भोजन भी निःशुल्क दिया जाता है। इसके अलावा राजीवनगर स्थित महावीर वरिष्ठ नागरिक अस्पताल में बुजुर्गों का रजिस्ट्रेशन जीवन भर के लिए 10 रुपये में किया जाता है। रियायती दर पर इलाज के साथ ओपीडी, इंडोर और सर्जरी की सुविधा भी उपलब्ध है। वरिष्ठ नागरिक अस्पताल में नार्मल और सिजेरियन प्रसव कराने की भी व्यवस्था है।

विज्ञापन

 
बैठक के अंत में महावीर स्थान न्यास समिति के सचिव सायण कुणाल ने उपस्थित सभी सदस्यों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। बैठक में सचिव सायण कुणाल के अलावा श्री महावीर स्थान न्यास समिति के प्राय: सभी सदस्य मौजूद थे।
 

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें