बिहार के कैमूर जिले में मोहनिया एनएच-2 देवकली के पास लू लगने से एक ट्रक चालक की मौत हो गई। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर मृतक के परिजनों को मौत की सूचना दी। साथ ही उसके शव को भभुआ सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जहां पोस्टमार्टम करने के बाद शव को मोर्चरी हाउस में 72 घंटे के लिए रखा गया है। बताया जा रहा है कि भीषण गर्मी में जान गंवाने वाला व्यक्ति उड़ीसा से ट्रक में लकड़ी लेकर हरियाणा जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, मृत ट्रक चालक की पहचान हरियाणा के पनवार गांव निवासी निहाल सिंह (65) के रूप में हुई है। वहीं, साथ में आए सह चालक (खलासी) किरण सिंह ने बताया कि हम लोग उड़ीसा से ट्रक में लकड़ी लादकर हरियाणा के लिए जा रहे थे। तभी बीती रात को 11:00 बजे मोहनिया के देवकली गांव के पास हरियाणा होटल पर रोटी खाने के लिए ट्रक को रोका। उसके बाद हम ट्रक के नीचे उतरकर चक्का देखने चले गए। जब चक्का देखकर आए तो देखा कि चालक ट्रक के केविन में सो रहा था।
उन्होंने बताया कि जब उसे आवाज देकर काफी उठाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं उठा। इसके बाद मैंने केबिन में जाकर देखा तो चालक कुछ भी नहीं बोल रहा था। इसी तरह सोया हुआ था तो मैंने वहां के स्थानीय लोगों को बोला। इसके बाद उनके द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। जहां मौके पर आकर पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर चालक को मोहनिया अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज के लिए ले गई, जहां डॉक्टरों ने ट्रक चालक को मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी कर मृतक के परिजनों को मौत की सूचना दी और उसे भभुआ सदर अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। जहां पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव को मोर्चरी हाउस में 72 घंटे के लिए रखा गया है। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मच गई है।
गौरतलब है कि बिहार इस समय पूरी तरह भीषण गर्मी और लू की चपेट में है, जिससे जन जीवन अस्त-व्यस्त है। लोग घरों से बिना वजह के बाहर तक नहीं निकल रहे हैं। अगर किसी कारणवश बाहर निकल भी रहे हैं तो वे धूप से बचाव लिए अपने आप को पूरी तरह से ढक रहे हैं। वहीं, जिला प्रशासन ने भी हीट वेव को देखते हुए लोगों से अपील की है कि बिना वजह इस भीषण धूप में घर से बाहर न निकलें और गर्मी-धूप से बचे रहें।