बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब अपनी ही पार्टी के विधायक के निशाने पर आ गए हैं। गोपालपुर से जदयू विधायक गोपाल मंडल ने कहा है कि नाथनगर की सीट नीतीश कुमार की गलती की वजह से पार्टी हार गई। गोपाल मंडल यहीं नहीं रुके। आगे उन्होंने कहा है कि विधायक, सांसद होने के लिए दबंग होना जरूरी है।
विधायक गोपाल मंडल ने विवाद के बाद दी सफाई
गोपाल मंडल ने ये भी कहा है कि भागलपुर से भाजपा उम्मीदवार इसलिए हार गए क्योंकि वो दबंग नहीं हैं। गोपाल मंडल का ये वीडियो वायरल होते ही जदयू खेमे में सन्नाटा छा गया। पार्टी के मुखर नेता भी इस मसले पर कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं।
विधायक गोपाल मंडल के बयान से खड़े हुए विवाद के बाद गोपाल मंडल ने अमर उजाला से बात की। अमर उजाला से बात करते हुए गोपाल मंडल ने कहा कि उनके बयान के गलत मायने निकाले जा रहे हैं।
उन्होंने ये कहा था कि कोरोना महामारी की वजह से नीतीश कुमार ने उतना प्रचार नहीं किया जितना होना चाहिए था, इसलिए नाथनगर सीट पर हार हुई। इसके बाद राजद प्रवक्ता चितरंजन गगन ने कहा कि अभी जदयू के गोपाल मंडल ही नहीं बहुत से नेता ऐसे हैं जो हार का ठीकरा नीतीश कुमार पर ही फोड़ेंगे अभी बहुत से लोग डर से कुछ नहीं बोल रहे हैं।