मोकामा विधानसभा क्षेत्र के जदयू विधायक अनंत सिंह रविवार को पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जनसुराज के एमएलसी प्रत्याशी अनुज कुमार के समर्थन में बाढ़ विधानसभा के सबनीमा से मोकामा विधानसभा के बाहापर तक रोड शो कर रहे हैं। पटना स्थित आवास से निकलने के बाद उनका काफिला बख्तियारपुर पहुंचा, जहां समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद वे सबनीमा पहुंचे, जहां से उनका रोड शो शुरू हुआ। सुबह से ही लोग उनके आगमन की तैयारियों में जुटे थे। उनके पहुंचते ही लोगों ने भव्य स्वागत किया।
इसके बाद उनका काफिला अथमलगोला, अचुआरा, दाहौर और मलाही होते हुए बाढ़ के कचहरी चौक पहुंचा। उनके काफिले में लगभग 50 चारपहिया वाहन शामिल हैं, जिनमें करीब 400 समर्थक सवार हैं।
बाढ़ के कचहरी चौक पहुंचने के बाद अनंत सिंह का काफिला जैसे ही आगे बढ़ा, समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कचहरी चौक पर उनके स्वागत के लिए एक हाथी खड़ा किया गया था। काफिले की बनावट कुछ इस तरह थी कि सबसे आगे हाथी, उसके पीछे खुली जीप और फिर अनंत सिंह की लैंड क्रूजर गाड़ी चल रही थी।
भुनेश्वरी चौक पहुंचने से पहले ही अनंत सिंह लैंड क्रूजर से उतरकर खुली जीप में सवार हो गए। इस दौरान एनएच-31 के किनारे उनके स्वागत के लिए 11 जेसीबी कतार में खड़ी थीं, जिनसे उनके काफिले पर फूलों की वर्षा की गई।
रोड शो के दौरान अनंत सिंह का काफिला सड़क किनारे स्थित मां दुर्गा के पूजा पंडालों के पास रुका। उन्होंने पंडालों में जाकर माता का आशीर्वाद लिया और पूजा-अर्चना की। पंडाल संचालकों ने भी उन्हें माता की चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया।
भुनेश्वरी चौक के बाद बाढ़ शहर के कांग्रेस मैदान, अस्पताल चौक, एएनएस कॉलेज मोड़, काजीचक और गुलाबबाग में उनका भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद ढीबर, रैली और सहनौरा होते हुए उनका काफिला बाढ़ अनुमंडल के पंडारक पहुंचा, जहां अनंत सिंह का भव्य स्वागत किया गया और जेसीबी से फूल बरसाए गए।
ये भी पढ़ें- बिहार: तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी सरकार से अब क्या मांग कर दी? कहा- हजारों नियोजित शिक्षकों की सेवा पर संकट
पंडारक में पुलिस ने अनंत सिंह की गाड़ी और उनके आगे-पीछे चल रही दो-दो गाड़ियों को छोड़कर काफिले के अन्य वाहनों को रोककर उनकी जांच की। इसके बाद उनका काफिला मोकामा के लिए रवाना हुआ। एनएच के किनारे स्थित सभी गांवों में उनके स्वागत के लिए लोग खड़े नजर आए।
पटना स्नातक चुनाव: अनुज कुमार के समर्थन में अनंत सिंह का शक्ति प्रदर्शन
पटना स्नातक चुनाव: अनुज कुमार के समर्थन में अनंत सिंह का शक्ति प्रदर्शन
अनंत सिंहपटना स्नातक चुनाव: अनुज कुमार के समर्थन में अनंत सिंह का शक्ति प्रदर्शन