बिहटा में सड़क दुर्घटना में पति और पत्नी की हुई मौत
- फोटो : अमर उजाला
पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के खेदलपुरा के पास रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई, जिससे कुछ समय के लिए सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भोजपुर जिले के बबुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पुराना सब्बलपुर, बरहरा निवासी त्रिशूल पांडेय अपनी पत्नी गीता देवी के साथ बाइक से पटना से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बिहटा के खेदलपुरा के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े, जिसके बाद ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। मौके पर ही पति-पत्नी की मौत हो गई।
पढ़ें: दुकान बंद कर रहे व्यापारी पर बरसी गोलियां, एसआईटी की ताबड़तोड़ कार्रवाई में मुख्य आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने ट्रक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन चालक भागने में सफल रहा। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल दानापुर भेज दिया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही मृतक दंपती के परिजनों में कोहराम मच गया है।